अश्लील वीडियो मामला: 'पीएम मोदी ने प्रज्वल रेवन्ना को भारत छोड़ने से नहीं रोका', प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने प्रज्वल रेवन्ना को भारत छोड़ने से नहीं रोका, प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
  • प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
  • असम सरकार पर भी प्रियंका गांधी ने कसा तंज
  • 'मजदूरी 400 रुपए तक की जाएगी'- प्रियंका गांधी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को असम के धुबरी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक के सांसद और जद (एस) नेता प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों पर भाजपा पर हमला बोला। कांग्रेस नेता ने कहा कि कर्नाटक में BJP का एक नेता हजारों महिलाओं का यौन शोषण कर विदेश भाग गया। उसे पीएम मोदी ने नहीं रोका। पीएम मोदी कुछ दिनों पहले इसी नेता के लिए भरे मंच से वोट मांग रहे थे। देश में जहां भी महिलाओं पर अपराध हुए, चाहे वह हाथरस हो, उन्नाव हो या मणिपुर। मोदी सरकार सिर्फ अपराधियों की रक्षा करती आई है।

इसके बाद प्रियंका गांधी ने असम में मौजूदा बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "मैं चाय के बागानों में महिलाओं से मिली, वहां उन्होंने मुझे अपनी समस्याएं बताईं।उन्हें बेहद कम वेतन मिलता है, उनकी मांग थी कि उनका वेतन बढ़ाया जाए। यहां के CM चाय बागानों को हड़पवाते हैं, अलग-अलग बिजनेस करवाते हैं, लेकिन आपकी मजदूरी नहीं बढ़ाते। इसलिए कांग्रेस की गारंटी है- आपकी मजदूरी 400 रुपए तक की जाएगी।

केंद्र पर प्रहार

धुबरी में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल में गरीबों को जमीन के पट्टे दिए, बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, हरित क्रांति और श्वेत क्रांति लाई, मनरेगा लेकर आई, खाद्य सुरक्षा का अधिकार दिया, शिक्षा का अधिकार दिया, IITs, IIMs, AIIMS बनवाए, ISRO, DRDO जैसे संस्थान बनवाए, BHEL, SAIL, ONGC जैसे संस्थान बनवाए, भाखड़ा नांगल डैम जैसे बड़े-बड़े बांध बनवाए। वहीं, नरेंद्र मोदी अपनी BJP सरकार में बनवाया हुआ ऐसा एक नाम नहीं ले सकते।

असम के धुबरी में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि यह ऐसी धरती है, जहां से पूरे देश को संदेश जाता है कि यह पूरा देश एक परिवार है और इस देश के लिए हम सब एकजुट होकर लड़ेंगे। राहुल गांधी जी ने दो यात्राएं निकाली। यात्रा का मकसद लोगों को संदेश देना था कि यह देश हम सबका है, हम एक हैं। चाहे किसी को अच्छा लगे या न लगे, राहुल जी सिर्फ सत्य बोलते हैं और सत्य के पथ पर चलते हैं। सत्य की परंपरा.. हमारे देश की परंपरा है। महात्मा गांधी जी भी सत्य की राह पर चले थे। हमारे स्वतंत्रता आंदोलन की नींव भी- सत्य, सच्चाई, जनता की सेवा- ही थी।

हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, "आप असम के मुख्यमंत्री की तुलना कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों से कीजिए। जब आप तेलंगाना और कर्नाटक के मुख्यमंत्री से पूछेंगे कि क्या हो रहा है- वे बताएंगे कि हम कांग्रेस की गारंटियों को पूरा कर रहे हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस की सरकारें, जनता की सेवा में लगी हैं। वहीं असम में माफियाओं का राज चल रहा है। यहां के CM जब कांग्रेस पार्टी में थे, तो उनके ऊपर बड़े-बड़े आरोप लगाए गए, लेकिन जैसे ही वे BJP में शामिल हुए, सारे दाग साफ हो गए। ये BJP की 'वाशिंग मशीन' है।"

जनता पर सरकार का ध्यान नहीं

कांग्रेस नेता ने कहा कि आज देश में 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। क्योंकि सरकार में बैठे मुख्यमंत्री, मंत्री, नेताओं का सारा ध्यान अपने स्वार्थ पर है। जनता कैसे कमाएगी, कैसे खाएगी- उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता। देश में 30 लाख सरकारी पद खाली हैं, लेकिन आज जिससे भी बात करो, वो बेरोजगार है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज BJP के नेता संविधान को बदलने की बात कर रहे हैं। संविधान ने आपको वोट की शक्ति दी। संविधान ने आपको समानता का अधिकार दिया। संविधान आपके अधिकारों की रक्षा करता है। ये संविधान BJP का नहीं, जो ये बदल देंगे। ये संविधान इस देश का है, आपका है। इसे कोई नहीं बदल सकता।

Created On :   1 May 2024 12:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story