लोकसभा चुनाव 2024: तीसरे चरण की वोटिंग में कई केंद्रीय मंत्रियों और दिग्गज नेताओं की साख होगी दांव पर

तीसरे चरण की वोटिंग में कई केंद्रीय मंत्रियों और दिग्गज नेताओं की साख होगी दांव पर
  • अमित शाह गांधीनगर से लड़ रहे हैं चुनाव
  • दिग्विजय सिंह राजगढ़ सीट से चुनावी मैदान में
  • पूर्व सीएम शिवराज सिंह विदिशा से लड़ रहे हैं चुनाव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश भर में पहले और दूसरे चरण का मतदान संपन्न हो चुका है। अब सबकी नजर तीसरे चरण के चुनाव पर है। तीसरे चरण का चुनाव 7 मई को होना है। जिसमें 1352 नेताओं का भविष्य तय होगा। तीसरे चरण में दो केंद्रीय मंत्री और दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की साख भी दांव पर है। ऐसे में आइए जानते हैं कौन-कौन से मंत्री और दिग्गज नेता तीसरे चरण के चुनावी मैदान में हैं।

अमित शाह

तीसरे चरण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनावी मैदान में हैं। बता दें कि, अमित शाह इस बार भी गांधीनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछली बार भी वह इसी सीट से सांसद बनकर पहली बार लोकसभा सदन पहुंचे। तब उन्होंने भारी बहुमत से जीत हासिल की थी। इस बार उनका सामना कांग्रेस की प्रत्याशी सोनल पटेल से है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस बार अपने पुराने गढ़ गुना से चुनावी मैदान में हैं। पिछली बार उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। तब वे चुनाव हार गए थे। सिंधिया की पूरी कोशिश है कि इस बार वे अपने पुराने किले पर फिर से वापसी कर सकें। आपको बता दें कि, इस बार उनका सामना कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह यादव से है।

सुप्रिया सुले

तीसरे चरण में एनसीपी (शरद पवार) की दिग्गज नेता सुप्रिया सुले चुनावी मैदान में हैं। इस बार वे फिर से महाराष्ट्र की बारामती सीट से चुनाव लड़ रही हैं। लेकिन इस बार की परिस्थितियां कुछ अलग हैं। दरअसल, एनसीपी में दो फाड़ होने के बाद शरद पवार और अजित पवार दो अलग गुटों में बंट गए हैं। और इस बार सुप्रिया सुले का सामना अजित पवार की ही पत्नी से सुनेत्रा पवार से है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि सुप्रिया सुले अपनी सीट बचा पाती हैं या नहीं?

मनसुख मांडविया

तीसरे चरण में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया भी चुनावी मैदान में हैं। वे इस बार गुजरात की पोरबंदर सीट से चुनावी मैदान में हैं। बता दें कि, मांडविया पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। उनका सामना कांग्रेस प्रत्याशी ललितभाई वासोया से है।

मैनपुरी में दिलचस्प हुआ मुकाबला

तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की मैनपुरी सीट पर भी चुनाव होना है। मैनपुरी में इस बार का चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है। यहां से समाजवादी पार्टी की दिग्गज नेता डिंपल यादव चुनाव लड़ रहीं हैं। वहीं, उनके सामने बीजेपी से राज्य सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह हैं।

शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश बीजेपी के दिग्गज नेता शिवराज सिंह चौहान इस बार विदिशा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि, शिवराज सिंह चौहान 20 साल बाद फिर से विदिशा सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। इससे पहले वे 2004 तक इस सीट पर सांसद थे। साल 2005 में वे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद वे प्रदेश राजनीति में कम सक्रिय थे। अब बीजेपी ने उन्हें राज्य से केंद्र की राजनीति में लाने का फैसला किया है। इस बार उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप भानु शर्मा से होगा।

दिग्विजय सिंह

मध्य प्रदेश के ही एक और पूर्व मुख्यमंत्री इस बार चुनावी मैदान में हैं। वो हैं कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह। दिग्विजय सिंह लंबे समय बाद राजगढ़ से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। बता दें कि, उन्होंने आखिरी बार साल 1991 में यहां से लोकसभा चुनाव लड़ा था और तब उन्हें भरी बहुमत से जीत मिली थी। इस बार उनके सामने बीजेपी प्रत्याशी रोडमल नागर चुनौती पेश करेंगे।

Created On :   30 April 2024 2:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story