रोड शो की तैयारी पूरी: 'सुबह 10 बजे अमेठी से नामांकन दाखिल करेंगे राहुल गांधी', सपा नेता का बड़ा दावा, रायबरेली में प्रियंका गांधी के लगे पोस्टर

  • अमेठी से नामांकन दाखिल करेंगे राहुल गांधी- सूत्र
  • राहुल गांधी का शुक्रवार सुबह करेंगे रोड शो- सूत्र
  • सपा के नेता ने किया बड़ा दावा

Dablu Kumar
Update: 2024-05-02 17:58 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रायबरेली और अमेठी सीट को लेकर अभी भी संशय बरकरार है। लेकिन माना जा रहा है कि अमेठी से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और रायबरेली सीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, गुरुवार को भी इसे लेकर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है। शुक्रवार को नामांकन का आखिरी दिन है। ऐसे में चर्चाएं तेज हो गई है। 

कल भरेंगे नामांकन पत्र- सूत्र

इस बीच सूत्रों से पता चला है कि राहुल गांधी अमेठी सीट से शुक्रवार सुबह 10 बजे अपना नामांकन पर्चा भरेंगे। वहीं, रायबरेली से प्रियंका गांधी भी अपना नामांकन पर्चा भरेंगी। दोनों सीटों पर पार्टी के कार्यकर्ता तैयारी में लगे हुए हैं। अमेठी में रोड शो के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। राहुल गांधी सुबह अपने पुराने संसदीय क्षेत्र में एक बार फिर जनता के बीच जाएंगे। 

अमेठी में जगह-जगह पर राहुल गांधी के और रायबरेली में प्रियंका गांधी के पोस्टर लगने शुरू हो गए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि राहुल गांधी अमेठी और प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे। समाजवादी पार्टी के अमेठी जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा, "कल (शुक्रवार) इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी राहुल गांधी अमेठी से नामांकन दाखिल करेंगे। सभी सपा कार्यकर्ता सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचें।"

गुरुवार को मीडिया में रही यह चर्चा

गुरुवार को राष्ट्रीय मीडिया में इन दोनों सीटों को लेकर खूब चर्चा हुई। तरह-तरह के कयास लगाए गए। कई मीडिया चैनलों ने दावा किया कि गुरुवार शाम को कांग्रेस इन सीटों को लेकर आधिकारिक फैसला करेगी।

इधर, बीजेपी ने आज रायबरेली सीट से दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया। वहीं, अमेठी से पार्टी की ओर से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को टिकट दिया गया है। यूपी के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता ब्रजेश पाठक गुरुवार को न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ''यूपी में बीजेपी की लहर है और हम यहां की सभी 80 सीटें जीतेंगे। पार्टी कार्यकर्ता पूरी लगन से काम कर रहे हैं। अमेठी, रायबरेली और मैनपुरी में हम बहुमत से जीतेंगे। हम फिर से कन्नौज सीट जीतेंगे। अखिलेश यादव हार जायेंगे।”

Tags:    

Similar News