लोकसभा चुनाव 2024: देश में तीसरे चरण का मतदान आज, 12 राज्यों की 93 सीटों पर जनता तय करेगी 1331 प्रत्याशियों का भाग्य

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज
  • 12 राज्यों की 93 सीटों पर मतदान
  • 1331 प्रत्याशी की किस्मत ईवीएम में कैद

Surbhit Singh
Update: 2024-05-06 21:15 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में जारी लोकसभा चुनाव के सात चरणों के मतदान में से आज (7 मई) तीसरे चरण का मतदान होना है। इस चरण के तहत 12 राज्यों की 93 सीटों पर 17 करोड़ 24 लाख से अधिक मतदाता 1331 कैंडिडेट्स का भाग्य तय करने जा रहे हैं। इन सीटों में से कर्नाटक की 14, उत्तरप्रदेश की 10 और गुजरात की सभी 25 लोकसभा सीटों पर मंगलवार को वोटिंग होनी हैं।

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 12 राज्यों की 93 सीटों पर मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरु हो जाएगी। इन राज्यों में मध्यप्रदेश की 8, गुजरात की 25, असम की 10, कर्नाटक की 14, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 7, महाराष्ट्र की 11, गोवा की 2, उत्तरप्रदेश की 10, दादरा-नगर हवेली की 1, दमन और दीव की 1 और पश्चिम बंगाल की 1 सीट पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर वोट डालने जा रहे हैं। गौरतलब है कि गुजरात की 26 लोकसभा सीट में से एक सीट पर उम्मीदवार को निर्विरोध चुने जाने से राज्य में से 25 लोकसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है।

पोलिंग बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम 

देशभर में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का सकुशल रूप से संपन्न कराने के मद्देनजर व्यवस्थाओं को हर स्तर पर दुरुस्त किया गया है। मतदान केंद्रो पर पोलिंग पार्टियों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा पोलिंग बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। तीसरे चरण के मतदान में शामिल लोकसभा सीटों पर मतदान के चलते स्कूल और कॉलेज की छुट्टी की घोषणा की गई है। इस दिन सरकारी कार्यालयों में भी अवकाश का ऐलान किया गया है।

1332 प्रत्याशी की किस्मत का फैसला

इस चरण में 93 लोकसभा सीटों पर कुल 1332 प्रत्याशी चुनाव में अपने किस्मत आजमा रहे हैं। इन सीटों में से 82 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। बसपा ने 79 प्रत्याशी और कांग्रेस ने 68 प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा हैं। इन सीटों में सबसे ज्यादा प्रत्याशी गुजरात राज्य से हैं। यहां पर 266 से ज्यादा प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

पीएम मोदी और अमित शाह डालेंगे वोट 

तीसरे चरण के मतदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के रानिप में मंगलवार सुबह 7:30 बजे निशान विद्यालय में मतदान करने वाले हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गांधी नगर में सुबह 9:15 बजे नारायण पुरा में एक मतदान केंद्र में वोट डालने वाले हैं।

तीसरे चरण के दिग्गज

लोकसभा चुनाव के सात चरणों के मतदान में से तीसरे चरण में कई वीआईपी सीटें शामिल हैं। इन सीटों में अमित शाह, डिंपल यादव, दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्या सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान, और सुप्रिया सुले जैसे कई दिग्गज चेहरों के नाम शामिल हैं।

Tags:    

Similar News