Vijay hazare Trophy 2018 : गंभीर की कप्तानी पारी, दिए भारतीय टीम में वापसी के संकेत

Vijay hazare Trophy 2018 : गंभीर की कप्तानी पारी, दिए भारतीय टीम में वापसी के संकेत

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-21 05:44 GMT
Vijay hazare Trophy 2018 : गंभीर की कप्तानी पारी, दिए भारतीय टीम में वापसी के संकेत
हाईलाइट
  • गौतम गंभीर ने 48 गेंदों में 62 रन बनाए
  • दिल्ली ने सौराष्ट्र को 5 विकेट से हराया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप-बी के शुरुआती मुकाबले में दिल्ली ने सौराष्ट्र को 5 विकेट से हराया। दिल्ली के मध्यम गति के गेंदबाज सुबोध भाटी ने 24 रन देकर पांच विकेट चटकाए। वहीं युवा खिलाड़ी हिम्मत सिंह की नाबाद अर्धशतकीय पारी दिल्ली के लिए फायदेमंद साबित हुई। भारत के पूर्व कप्तान गौतम गंभीर ने भी 48 गेंदों में 62 रनों की कप्तानी पारी खेली। दिल्ली टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी गौतम गंभीर को सौंपी गई है। अगर गंभीर यहां अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो भारतीय टीम में उनकी वापसी हो सकती है। गंभीर ने भारत के लिए आखिरी मैच इंग्लैंड के खिलाफ 2013 में खेला था। 

दिल्ली ने 238 रनों का लक्ष्य 46 ओवरों में हासिल कर लिया। हिम्मत सिंह ने 93 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 74 रन और ललित यादव ने 54 गेंद में 36 रन बनाए। जब टीम का स्कोर पांच विकेट पर 152 रन था। तब इन दोनों बल्लेबाजों ने पारी को संभाला और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। 

वहीं उन्मुक्त चंद 0 और ऋषभ पंत 8 रन बनाकर आउट हो गए, जिसके बाद कप्तान गंभीर ने कमलेश मकवाना की गेंद पर आउट होने से पहले 10 चौके लगाए। सुबह के सत्र में सौराष्ट्र की टीम चार विकेट पर 222 रनों के स्कोर के बाद चार ओवरों में 15 रनों में 6 विकेट गंवाकर 237 रनों पर सिमट गई। 

सौराष्ट्र के लिए चेतेश्वर पुजारा ने 89 गेंदों में 53 रन बनाए। जबकि शेल्डन जैक्सन ने 78 गेंदों में 62 रनों को योगदान दिया। ग्रुप के अन्य मैचों में छत्तीसगढ़ ने मध्यप्रदेश को 122 रनों से हराया। वहीं आंध्र प्रदेश ने ओडिशा को छह विकेट से हराया। 

इससे पहले झारखंड के स्पिनर शाहबाज नदीम ने गुरुवार को विजय हजारे ट्रॉफी में राजस्थान के खिलाफ खेलते हुए ज़बरदस्त प्रदर्शन किया था। उन्होंने 10 रन पर 8 विकेट चटकाकर लिस्ट-ए क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का 21 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ा है। भारतीय नेशनल टीम की दावेदारी पेश कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर नदीम की उम्दा गेंदबाजी की बदौलत राजस्थान की टीम 28.3 ओवर में 73 रनों पर ही सिमट गई थी। नदीम ने 10 ओवर में 4 मेडन फेंकते हुए 10 रन देकर 8 विकेट हासिल किए और रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया। 

Similar News