प्रेमिका का रेप कर हत्या की कोशिश , होश में आने पर बताई आपबीती
प्रेमिका का रेप कर हत्या की कोशिश , होश में आने पर बताई आपबीती
डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या करने के इरादे से पहले उसका अपहरण किया और उसे सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या का प्रयास किया। उसे मृत समझकर आरोपी अपने गांव भाग गया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रेमी पंकज दिलीप चौधरी को यवतमाल से गिरफ्तार किया है। बोरी थाने में दुष्कर्म व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
होटल में हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार सातगांव फाटा के सामने रेलवे पुल के नीचे 1 अगस्त को सुबह करीब 10 बजे एक 22 वर्षीय महिला बेहोशी की हालत में पड़ी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को मेडिकल भिजवाया। महिला दो बच्चों की मां है। हालत ठीक होने पर पुलिस ने दो दिन बाद यानी सोमवार को महिला बयान दर्ज किया। पीड़िता व आरोपी वर्धा रोड पर एक ही होटल में काम करते थे। काम करते हुए दोनों में मित्रता हुई। धीरे-धीरे मित्रता प्रेम संबंधों में बदल गई। वह पंकज पर विश्वास करने लगी।
मृत समझकर भाग गया था गांव
31 जुलाई को पंकज चौधरी (33), घाटंजी, यवतमाल निवासी उसे चाकू दिखाकर जबरन मोटरसाइकिल पर सातगांव में रेलवे पुल के नीचे ले गया। वहां जबरन दुष्कर्म किया। विरोध किया तो वायर से उसका गला कस दिया। पश्चात उसे मृत समझकर अपने गांव भाग गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी को धरदबोचा।