ईवी टेक्नोलॉजी: BYD ने भारत में पेश की DM-i टेक्नॉलजी, 1200 किमी से ज्यादा रेंज का दावा

BYD ने भारत में पेश की DM-i टेक्नॉलजी, 1200 किमी से ज्यादा रेंज का दावा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीनी ऑटोमोबाइल कंपनी BYD ने भारतीय बाजार में अपनी उन्नत DM-i (Dual Mode Intelligent) प्लग-इन हाइब्रिड टेक्नॉलजी पेश कर दी है। कंपनी का दावा है कि यह तकनीक 1,200 किलोमीटर से अधिक की संयुक्त ड्राइविंग रेंज प्रदान करने में सक्षम है, जिससे इलेक्ट्रिक और पेट्रोल दोनों पावरट्रेन के फायदे एक साथ मिलेंगे।

BYD की DM-i तकनीक पारंपरिक हाइब्रिड सिस्टम से अलग है। इसमें वाहन मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक मोड में चलता है, जबकि पेट्रोल इंजन जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त शक्ति देने या बैटरी चार्ज करने का काम करता है। कंपनी का कहना है कि इससे बेहतर माइलेज, कम उत्सर्जन और लंबी दूरी की यात्रा में अधिक सुविधा मिलेगी।

इस तकनीक के साथ कंपनी ने Seal U (Sealion 6) प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी को भी प्रदर्शित किया है। वाहन में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का संयोजन दिया गया है। BYD के अनुसार, यह मॉडल तीन ड्राइविंग मोड—EV, HEV Series और HEV Parallel—में काम करता है, जो ड्राइविंग परिस्थितियों के अनुसार स्वतः स्विच होते हैं।

कंपनी ने बताया कि DM-i तकनीक को छह प्रमुख स्तंभों- फास्ट, सेविंग, क्वाइट, स्मूथ, ग्रीन और हाई सेफ्टी पर विकसित किया गया है। इसमें BYD की प्रसिद्ध ब्लेड बैटरी तकनीक का भी उपयोग किया गया है, जो सुरक्षा और दक्षता के लिए जानी जाती है।

ऑटोमोबाइल उद्योग के जानकारों का मानना है कि BYD की यह पहल भारतीय बाजार में प्लग-इन हाइब्रिड वाहनों की नई शुरुआत कर सकती है। यह उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है जो इलेक्ट्रिक वाहन के लाभ तो चाहते हैं, लेकिन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की सीमाओं को लेकर चिंतित हैं।

Created On :   9 Jun 2026 6:40 PM IST

Next Story