Breaking News: आज की बड़ी खबरें 06 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 7 Oct 2025 1:08 AM IST
उत्तराखंड में कानून व्यवस्था में सुधार, महिला संबंधी अपराधों में 12 प्रतिशत की कमी आईजी नीलेश आनंद भरणे
उत्तराखंड के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) लॉ एंड ऑर्डर नीलेश आनंद भरणे ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट पर कई महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में राज्य की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में सुधार के सकारात्मक संकेत मिले हैं, लेकिन कुछ क्षेत्रों में नई चुनौतियां भी उभरी हैं। एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड में महिला संबंधी अपराधों में 12 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
- 7 Oct 2025 12:48 AM IST
महाराष्ट्र रोहित पवार ने सरकार पर किसानों की उपेक्षा करने और साजिश रचने का लगाया आरोप
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी गुट) के विधायक रोहित पवार ने सोमवार को महाराष्ट्र सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एकनाथ शिंदे को राजनीतिक रूप से खत्म करने की कोशिश करने का बड़ा आरोप लगाया।
- 7 Oct 2025 12:17 AM IST
पश्चिम बंगाल में बाढ़ की समस्या का होगा समाधान, 'नमामि गंगे' में 5,600 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश
केंद्र सरकार, पश्चिम बंगाल में सीमा पार की नदियों पर अचानक बाढ़ और नदी के कटाव की समस्याओं के समाधान के लिए भूटान सरकार के साथ लगातार बातचीत कर रही है। दोनों देशों के बीच इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर संयुक्त विशेषज्ञ समूह (जेजीई), संयुक्त तकनीकी टीम (जेटीटी) और संयुक्त विशेषज्ञ टीम (जेईटी) जैसी कार्यरत हैं, जिनमें पश्चिम बंगाल राज्य सरकार के अधिकारी भी शामिल हैं।
- 6 Oct 2025 11:33 PM IST
पंजाब तरनतारन उपचुनाव की तारीख का ऐलान, जानें पूरी डिटेल्स
भारत निर्वाचन आयोग ने पंजाब के तरनतारन विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव की तिथि घोषित कर दी है। इस घोषणा के साथ ही तरनतारन जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव की अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर होगी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 22 अक्टूबर को होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर है। उन्होंने आगे बताया कि मतदान 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को तय है। उन्होंने आगे बताया कि 19 अक्टूबर (रविवार) और 20 अक्टूबर (दीपावली) को छोड़कर, जो अवकाश के दिन हैं, 13 अक्टूबर से 21 अक्टूबर के बीच किसी भी कार्य दिवस पर नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं।
- 6 Oct 2025 11:04 PM IST
राजस्थान में अनार की फसलों पर टिकड़ी रोग का प्रकोप, शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल जांच के दिए निर्देश
राजस्थान के बालोतरा जिले और आसपास के अनार बाहुल्य क्षेत्रों में टिकड़ी रोग सहित विभिन्न रोगों से फसलों के प्रभावित होने की खबरों और किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
- 6 Oct 2025 10:26 PM IST
जब अमिताभ बच्चन ने खुद को फरहान अख्तर के सामने 'नौसिखिया' महसूस किया
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन की एक्टिंग की दुनिया कायल है। मगर एक शख्स के सामने अमिताभ बच्चन खुद को नौसिखिया महसूस करने लगे थे। यह कोई और नहीं फरहान अख्तर हैं, जिनके साथ अमिताभ ने फिल्म 'लक्ष्य' में काम किया था। इस फिल्म से जुड़ा अपना अनुभव अमिताभ बच्चन ने रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में शेयर किया।
- 6 Oct 2025 10:09 PM IST
एमयूडीए घोटाला मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, जब्त कीं 40 करोड़ रुपए की संपत्तियां
एमयूडीए घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बेंगलुरु जोनल ऑफिस ने बड़ी कार्रवाई की। केंद्रीय जांच एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत 40.08 करोड़ रुपए के बाजार मूल्य वाली एमयूडीए साइटों सहित 34 अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है।
- 6 Oct 2025 9:32 PM IST
सीजेआई के साथ दुर्व्यवहार पर भड़के इमरान मसूद, कहा- दलित का बेटा बर्दाश्त नहीं हो रहा
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान एक वकील द्वारा चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया बी.आर. गवई का दुर्व्यवहार मामले ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी इसका कड़ा विरोध जताया। उन्होंने इसे देश के इतिहास में एक काले दिन के रूप में दर्ज किए जाने की बात कही।
- 6 Oct 2025 9:08 PM IST
प्रधानमंत्री मोदी ने सीजेआई गवई के साथ हुए दुर्व्यवहार की निंदा की, कहा- ऐसी घटनाओं का कोई स्थान नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट परिसर में भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) बीआर गवई के साथ हुए दुर्व्यवहार पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की निंदनीय घटनाओं का लोकतांत्रिक समाज में कोई स्थान नहीं है और पूरे देश के लोग इस हमले से व्यथित हैं।
- 6 Oct 2025 8:51 PM IST
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2022-23 के लिए एनएसएस पुरस्कार किए वितरित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में वर्ष 2022-23 के लिए माई भारत-राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) पुरस्कार प्रदान किए। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने पुरस्कार समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर युवा कार्यक्रम सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल और खेल सचिव हरि रंजन राव तथा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
Created On :   6 Oct 2025 8:04 AM IST












