Breaking News: आज की बड़ी खबरें 06 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 6 Oct 2025 8:27 PM IST
दिल्ली सरकार ने की घोषणा, महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद
महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में दिल्ली सरकार ने 7 अक्टूबर (मंगलवार) को सभी सरकारी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। आदेश के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली सरकार के अधीन सभी दफ्तर बंद रहेंगे। यह फैसला सामाजिक सौहार्द और संत परंपरा के प्रति सम्मान को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
- 6 Oct 2025 8:10 PM IST
वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, उपराष्ट्रपति ने खिलाड़ियों को सराहा
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने 'वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025' में भारतीय पैरा एथलीट्स के ऐतिहासिक प्रदर्शन को सराहा है। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस चैंपियनशिप में भारत कुल 22 पदकों के साथ 10वें स्थान पर रहा।
- 6 Oct 2025 7:41 PM IST
इंदौर अंतरराज्यीय चोर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, 36 लाख रुपए के जेवरात और नकदी बरामद
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में कनाडिया पुलिस ने शहर में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य को राजस्थान से गिरफ्तार किया। पुलिस को आरोपी के पास से चोरी किए गए 36 लाख रुपए के जेवरात और नकदी बरामद हुए हैं।
- 6 Oct 2025 7:00 PM IST
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले अफगानिस्तान को झटका, नहीं खेलेंगे सफी
अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच 8 अक्टूबर से तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। अफगानिस्तान के दाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम सफी इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। उन्हें कमर में दर्द (एडक्टर) के कारण सीरीज से हटना पड़ा है।
- 6 Oct 2025 6:37 PM IST
राहुल गांधी जननायक या खलनायक, यह समझने की जरूरत दानिश आजाद अंसारी
कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा द्वारा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को 'जन नायक' कहे जाने पर मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वह जन नायक हैं या खलनायक समझने की जरूरत है। मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने आईएएनएस से खास बातचीत के दौरान कहा, "वह 'जननायक' हैं या 'खलनायक', यह हमें समझने की जरूरत है, क्योंकि जिस तरह के कार्य वह करते हैं, जैसे विदेश जाकर भारत पर उंगली उठाना, उससे साफ पता चलता है कि वह नेता से ज्यादा खलनायक हैं।" रायबरेली में हिंसा के दौरान युवक की पीटकर हत्या की घटना पर अंसारी ने कहा, "घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच की जा रही है। सभी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।"
- 6 Oct 2025 6:15 PM IST
जहीर खान वो गेंदबाज, जिसने 'इंजीनियर' के बजाए 'स्विंगर' बनकर देश का नाम रोशन किया
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने अपनी स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ से देश को कई मैच जिताए। भारत को साल 2011 में विश्व कप खिताब जिताने में अहम योगदान देने वाले जहीर खान गेंद को दोनों ओर स्विंग कराने की क्षमता रखते थे। 7 अक्टूबर 1978 को महाराष्ट्र के श्रीरामपुर में जन्मे जहीर खान का सपना इंजीनियर बनना था, लेकिन पिता की एक नसीहत ने उनकी तकदीर ही बदल दी।
- 6 Oct 2025 6:01 PM IST
'दिल पे मत ले यार' की असफलता ने दिवालिया बना दिया था हंसल मेहता
'अलीगढ़,' 'शाहिद,' और 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' जैसी फिल्मों और सीरीज के लिए मशहूर हंसल मेहता ने सोमवार को उस फिल्म को याद किया, जिसके चलते वो दिवालिया हो गए थे। यह फिल्म थी 'दिल पे मत ले यार'। इसे रिलीज हुए 25 साल पूरे हो गए। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि कैसे वह इस फिल्म को बनाने के बाद शराब की लत और कर्जे में डूब गए थे।
- 6 Oct 2025 5:51 PM IST
राम कदम का राहुल गांधी पर तंज, एक अंशकालिक नेता देश का भविष्य नहीं बना सकता
महाराष्ट्र से भाजपा नेता राम कदम ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया है कि बिहार की जनता को पीएम मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्य पसंद हैं और जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भी विकास के नाम पर डबल इंजन की सरकार के लिए वोट करेगी। उन्होंने राहुल गांधी को अपरिपक्व नेता बताया। भाजपा नेता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बिहार की जनता राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के जंगलराज को देख चुकी है और कभी भूलकर भी बिहार में जंगलराज की वापसी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के लिए हम लोग तैयार हैं। एनडीए के सामने विपक्ष डरा हुआ है। चुनाव में मिलने वाली हार से पहले ही भूमिका ढूंढने लगे हैं कि जनता के बीच हार के बाद क्या कहेंगे।
- 6 Oct 2025 5:40 PM IST
14 नवंबर को बिहार में परिवर्तन की शुरुआत, बिहार को शेर जैसा सीएम चाहिए तेजस्वी यादव
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोमवार को एक भावनात्मक संदेश साझा किया। इस संदेश में उन्होंने 14 नवंबर 2025 को बिहार के सुनहरे भविष्य, परिवर्तन और विकास की शुरुआत की तारीख बताया। उन्होंने इस पोस्ट के जरिए बिहार की जनता से अपील की कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पूरा राज्य महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करे।
- 6 Oct 2025 5:30 PM IST
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के खिलाफ दो अविश्वास प्रस्ताव पेश
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन को इस हफ्ते दो अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना पड़ रहा है, तीन महीने पहले ही वे अपने पहले निंदा प्रस्ताव से बच गई थीं। पैट्रियट्स फॉर यूरोप (पीएफई) और द लेफ्ट ने लेयेन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। यूरो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यूरोपीय संसद में बहस सोमवार को शाम 5 बजे सीईएसटी समय पर संयुक्त रूप से होगी, जबकि मतदान गुरुवार को दोपहर 12 बजे सीईएसटी समय पर अलग-अलग होगा।
Created On :   6 Oct 2025 8:04 AM IST












