Amravati News: सिर धड़ से अलग, पेट तक चट कर गई बाघिन, ढाई घंटे बाद दबोची गई

सिर धड़ से अलग, पेट तक चट कर गई बाघिन, ढाई घंटे बाद दबोची गई
  • नरभक्षी बाघिन का खूनी खेल खत्म
  • चांदूर बाजार-मोर्शी-तिवसा में 16 दिन से चल रहा आतंक का अंत
  • किसान का सिर 20 फीट दूर मिला, शरीर क्षत-विक्षत

Amravati News मोर्शी और तिवसा तहसीलों में पिछले 16 दिन से आतंक का पर्याय बनी नरभक्षी बाघिन ने सोमवार को एक और किसान की जान ले ली। शिरजगांव कस्बा से करीब चार किलोमीटर दूर अपने खेत में फसल को खाद देने जा रहे दिनेश उर्फ दामू आवारे (45), निवासी केणीपुरा पर पाणखेल जंगल के नाले में घात लगाकर बैठी बाघिन ने अचानक हमला कर दिया। दोपहर करीब 1 बजे हुए इस हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई।

इतना वीभत्स था हमला कि दहशत में आ गए ग्रामीण : प्रत्यक्षदर्शियों और मौके की स्थिति के अनुसार, बाघिन ने किसान पर झपट्टा मारकर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। उसके शरीर के पेट तक के हिस्से को भी बाघिन ने खा लिया। किसान का छिन्न-भिन्न सिर उसके शरीर से करीब 20 फीट दूर मिला। घटनास्थल का वीभत्स मंजर देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लगातार दूसरे दिन इंसान पर हुए हमले से क्षेत्र में आक्रोश भड़क उठा। एक दिन पहले ही चांदूर बाजार तहसील के सोनोरी गांव में 22 वर्षीय उर्मिला इवने की बाघिन के हमले में मौत हुई थी। इसके ठीक अगले दिन शिरजगांव कस्बा में किसान दिनेश आवारे को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने बाघिन को तत्काल पकड़ने की मांग को लेकर वन विभाग पर दबाव बढ़ाया।

चार मानव बलि के ढाई घंटे बाद पकड़ा : किसान की मौत के बाद रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया। आखिरकार दोपहर करीब 3.30 बजे, यानी हमले के लगभग ढाई घंटे बाद, शिरजगांव कस्बा के पास रेस्क्यू टीम ने बाघिन को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित पकड़ लिया।

तीन तहसीलों के ग्रामीणों ने ली राहत की सांस : बाघिन के रेस्क्यू के साथ ही चांदूर बाजार, मोर्शी और तिवसा तहसीलों के अनेक गांवों में पिछले 16 दिन से बना भय का माहौल काफी हद तक खत्म हुआ। लगातार हमलों के कारण किसान खेतों में जाने से डर रहे थे। जंगल और खेतों की ओर अकेले जाने पर रोक जैसी स्थिति बन गई थी। अमरावती जिले में तीन आैर वर्धा जिले के नरसिंगपुर में एक इस तरह कुल चार इंसानी जानें गंवाने के बाद आखिरकार नरभक्षी बाघिन के पकड़े जाने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। पुणे की टीम के साथ वडाली रेस्क्यू दल ने शिरजगांव कस्बा के मांगिया गांव के पास स्थित 132 केवी विद्युत केंद्र वाले पाणखेल जंगल क्षेत्र से बाघिन को पकड़ लिया। इससे पहले सोमवार तड़के देऊरवाड़ा गांव में दो गायों का शिकार करने के बाद बाघिन शिरजगांव कस्बा के खेत परिसर में पहुंच गई थी।

नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू संेटर ले जाते समय बाघिन ने तोड़ा दम : शिरजगांव कस्बा के खेत परिसर में दहशत का कारण बनी बाघिन को वडाली वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने सोमवार को दोपहर 3.30 बजे ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित पकड़ । चिकित्सकीय जांच के बाद बाघिन को पिंजरे में रखकर वन विभाग के वाहन से नागपुर स्थित गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मोर्शी के पास सोमवार देर शाम करीब 7.20 बजे बाघिन ने दम तोड़ दिया। वन विभाग के उपवनसंरक्षक के.आर. अर्जुना ने पुष्टि करते हुए बताया कि बाघिन को उपचार के लिए नागपुर ले जाते समय उसकी मृत्यु हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाघिन को दो बार ट्रैंक्विलाइज किए जाने से दवा की मात्रा अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, मौत का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। रेस्क्यू अभियान के.आर. अर्जुना के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में वनपाल एवं शूटर फिरोज खान, वनपाल श्याम देशमुख, वनरक्षक शिवम बचले, संदीप ठाकरे, वाहन चालक अमित नायडू, रेस्क्यूवर अक्षय चांबटकर व पुरुषोत्तम डोंगरे तथा ड्रोन पायलट आकाश सारडा और आशीष तोमर शामिल थे।

17 अगस्त- नरसिंहपुर, वर्धा में 75 वर्षीय रामभाऊ भोयर का (कवठीपुरा, आष्टी) शिकार किया था।

27 अगस्त- किसान चरणदास इखे की मौत : मोर्शी तहसील के भांबोरा क्षेत्र में बाघ के हमले में किसान चरणदास इखे की मौत हुई। इस घटना के बाद बाघ के आतंक की शुरुआत हुई।

29 अगस्त- मवेशियों पर हमला :

कवठाल क्षेत्र में बाघ ने स्वप्निल पाथरे के मवेशियों पर हमला किया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई।

2 सितंबर- खेत की झोपड़ी में घुसा बाघ : शिरलस क्षेत्र में बाघ ने प्रणित महादेवराव मावले के खेत की झोपड़ी में घुसकर बछड़े को मार डाला।

5 सितंबर- गाय का शिकार िद्धपुर क्षेत्र में बाघिन दिखाई दी। उसने एक गाय का शिकार किया। इसके बाद वन विभाग ने उसकी गतिविधियों पर नजर बढ़ाई।

6 सितंबर- युवती की मौत : चांदूर बाजार तहसील के सोनोरी गांव में पहले बाघिन ने बकरी का शिकार किया। कुछ ही समय बाद उसने 22 वर्षीय उर्मिला इवने की जान ले ली।

7 सितंबर- किसान को बनाया शिकार : शिरजगांव कस्बा से करीब चार किलोमीटर दूर पाणखेल जंगल के नाले के पास दोपहर करीब 1 बजे किसान दिनेश उर्फ दामू आवारे (45) पर बाघिन ने हमला किया। इस हमले में किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इससे पहले देऊरवाड़ा में सुबह दो गाय का शिकार किया।

7 सितंबर- ढाई घंटे में बाघिन रेस्क्यू : किसान की मौत के करीब ढाई घंटे बाद वडाली की रेस्क्यू टीम ने शिरजगांव कस्बा के पास पावर प्लांट निकट वन क्षेत्र से बाघिन को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित पकड़ लिया। जिससे तीन तहसीलों में बाघिन का आतंक थम गया।

Created On :   8 Sept 2026 12:29 PM IST

Tags

Next Story