- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- सूखी नहर में मिली जली लाश, पेट्रोल...
Amravati News: सूखी नहर में मिली जली लाश, पेट्रोल डालकर जलाने की आशंका

Amravati News पथ्रोट पुलिस थाना क्षेत्र में बुधवार, 11 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई। शहानूर डैम परिसर स्थित बाघडोह गांव के खेत क्षेत्र की सूखी नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेतों की ओर जा रहे किसानों ने नहर से धुआं उठता देखा।
पास जाकर जांच करने पर उन्हें एक जली हुई लाश दिखाई दी। घटना की सूचना बाघडोह गांव के सरपंच सुभाष काकड़ ने पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पथ्रोट के थानेदार अभय चौथनकर दल-बल सहित मौके पर पहुंचे। उनके साथ ग्रामीण अपराध शाखा, अंजनगांव के एसडीपीओ मनीष ठाकरे, फॉरेंसिक टीम और श्वान पथक भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रथम दर्शनी सबूतों के आधार पर पुलिस ने बुधवार को दोपहर बाद हत्या का मामला दर्ज किया है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल डालकर आग लगाई गई। घटनास्थल पर पेट्रोल जैसी तेज गंध पाई गई है। शव का सिर और ऊपरी हिस्सा बुरी तरह जला हुआ है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पथ्रोट थाना क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के थाना क्षेत्रों से हाल ही में दर्ज गुमशुदगी की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। शहानूर डैम के समीप स्थित खेतों में रखवाली करने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
Created On :   12 Feb 2026 3:44 PM IST















