- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- अनूपपुर
- /
- नगर पालिका पसान में गहराया राजनीतिक...
अनूपपुर न्यूज: नगर पालिका पसान में गहराया राजनीतिक संकट:

डिजिटल डेस्क अनूपपुर : नगर पालिका परिषद पसान में नगर पालिका उपाध्यक्ष अजय ताराचंद्र यादव के खिलाफ पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। उपाध्यक्ष के रवैये और कार्यप्रणाली से असंतुष्ट होकर पार्षदों ने सर्वसम्मति से उनके विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित करने के बाद अब अविश्वास प्रस्ताव लाने की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विकास कार्यों में बाधा और अमर्यादित आचरण का आरोप
कलेक्टरको प्रेषित मांग-पत्र में निर्वाचित पार्षदों ने अत्यंत खेद एवं क्षोभ व्यक्त करते हुए कहा है कि उपाध्यक्ष श्री अजय ताराचंद्र यादव निरंतर अपने पद की मर्यादा के विपरीत अनर्गल कृत्यों में संलिप्त हैं। पार्षदों का आरोप है कि उपाध्यक्ष द्वारा नगर के जनहितैषी विकास कार्यों में लगातार व्यवधान व बाधा उत्पन्न की जा रही है, जिससे निकाय की छवि धूमिल हो रही है। इसके अलावा, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर निकाय तथा पार्षदों के विरुद्ध निरंतर भ्रामक एवं द्वेषपूर्ण प्रचार किए जाने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।
परिषद बैठक में सर्वसम्मति से पारित हुआ निंदा प्रस्ताव
उपाध्यक्ष के विकास-विरोधी और अमर्यादित आचरण के विरोध में आयोजित परिषद की बैठक में समस्त पार्षदों ने सर्वसम्मति से उनके विरुद्ध "निंदा प्रस्ताव" पारित किया। पार्षदों का कहना है कि अब उन्हें उपाध्यक्ष के कार्य-व्यवहार पर कोई विश्वास नहीं रह गया है।
नियमानुस कार्यवाही के लिए कलेक्टर एवं सीएमओ को पत्र
मध्य प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 43-ए (43A) के तहत पार्षदों ने संयुक्त रूप से अविश्वास प्रस्ताव संबंधी अधियाचन अग्रिम कार्यवाही हेतु कलेक्टर अनूपपुर के समक्ष प्रस्तुत किया है।
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), नगर पालिका परिषद पसान द्वारा भी पत्र जारी कर कलेक्टर महोदय से नियमों एवं विहित प्रक्रिया के अनुसार उपाध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव की वैधानिक कार्यवाही करने तथा बैठक आहूत करने हेतु उचित निर्देश प्रदान करने का अनुरोध किया गया है।
Created On :   12 Oct 2026 6:39 PM IST










