- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- अनूपपुर
- /
- जैतहरी हत्याकांड का खुलासा, पांच...
अनूपपुर न्यूज: जैतहरी हत्याकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क अनूपपुर। जैतहरी थाना क्षेत्र के सिवनी डोंगरी टोला निवासी 22 वर्षीय गोवर्धन कोल की हत्या के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार 23 सितंबर की रात गणेश विसर्जन के दौरान गोवर्धन के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। इसके बाद परिजन और साथी उसकी तलाश कर रहे थे। अगले दिन मंडल के बगीचा के पास उसकी मोटरसाइकिल का टूटा क्लच केबल और चप्पल मिली, जबकि मोटरसाइकिल करीब एक किलोमीटर दूर मिली।
पुलिस ने तलाश के दौरान गोवर्धन का शव बदनहाई डोंगरी, सिवनी के जंगल में झाड़ियों के बीच से बरामद किया। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए गए। पोस्टमार्टम के बाद हत्या का मामला दर्ज कर एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
पुलिस ने सूरज राठौर, राहुल सिंह राठौर, तेजराज राठौर, दिनेश गोड और राहुल राठौर, सभी निवासी सिवनी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सामान, कपड़े, मोटरसाइकिल, ईको कार और मृतक का पर्स जब्त किया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड लिया गया है।
Created On :   27 Sept 2026 7:17 PM IST











