- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- अनूपपुर
- /
- सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने...
अनूपपुर न्यूज: सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने अनूपपुर पहुंचकर भरी हुंकार, बोले- अधिकारों से वंचित किए जा रहे सरपंच

डिजिटल डेस्कअनूपपुर। ग्राम स्वराज अधिकार बचाओं यात्रा व ग्राम पंचायतों के सरपंचों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर बुधवार को सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह अनूपपुर पहुंचे। उन्होंने जिला मुख्यालय में सरपंचों से मुलाकात कर संगठन की मांगों को लेकर चर्चा की और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आश्वासन दिए जाने के बावजूद सरपंचों को उनके अधिकारों और सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। गांवों के विकास की जिम्मेदारी सीधे तौर पर सरपंचों के कंधों पर होती है। सडक़, नाली, पेयजल, स्वच्छता सहित विभिन्न विकास कार्यों में सरपंच दिन-रात ग्रामीणों के बीच रहकर काम करते हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं और मांगों पर शासन स्तर से अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब सांसद और विधायकों को अतिरिक्त भत्ता एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जा सकती हैं, तो ग्राम पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए भी उचित मानदेय और सुविधाओं की व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है। सरपंचों को अपने अधिकारों और हक के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। राजवीर सिंह ने कहा कि सरकार को ग्राम पंचायतों और सरपंचों की समस्याओं का गंभीरता से निराकरण करना चाहिए। सरपंच गांव के विकास की पहली सीढ़ी हैं और उन्हें मजबूत किए बिना ग्रामीण विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना संभव नहीं है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सरपंच संघ के उपाध्यक्ष अशोक बघेल, प्रदेश सचिव संतोष राजपूत, संगठन महामंत्री महेंद्र सिंह बुंदेला, अनूपपुर जिला अध्यक्ष अनिल रौतेल, जैतहरी सरपंच संघ अध्यक्ष संजय कोल, अनूपपुर से शिवभान सिंह, कोतमा से सूरज अगरिया सहित ग्राम पंचायत कांसा के सरपंच शिवनारायण सिंह, ग्राम पंचायत सकरा के सरपंच संतोष सिंह, ग्राम पंचायत जमुड़ी के सरपंच संतोष सिंह समेत विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच मौजूद रहे।
Created On :   16 Sept 2026 6:53 PM IST












