अनूपपुर न्यूज: रक्षाबंधन पर्व पर 28 अगस्त को जिला जेल में बंदियों को बहनें बांध सकेंगी राखी

जेल प्रशासन ने मुलाकात के संबंध में जारी किए दिशा-निर्देश

डिजिटल डेस्क अनूपपुर 25 अगस्त 2026/ रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर जिला जेल अनूपपुर में 28 अगस्त 2026 को भाई-बहनों की खुली मुलाकात के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में जिला जेल के उप जेल अधीक्षक इन्द्रदेव तिवारी ने बताया कि जेल में मुलाकात के लिए परिजनों के नाम प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक दर्ज किए जाएंगे। इसके पश्चात् मुलाकात के लिए अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

उन्होंने मुलाकात के लिए आने वाली बहनों से अपील की है कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए कोई भी प्रतिबंधित सामग्री, जैसे रुपये-पैसे, मोबाइल फोन, मादक पदार्थ आदि साथ लेकर न आएं। किसी भी प्रकार की बाहरी सामग्री के साथ जेल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के लिए केवल जेल कैंटीन से राखी, 250 ग्राम तक मिठाई, कुमकुम, फल एवं रुमाल निर्धारित राशि का भुगतान कर प्राप्त किए जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त किसी अन्य बाहरी सामग्री को जेल परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

उप जेल अधीक्षक इन्द्रदेव तिवारी ने मुलाकात के लिए आने वाली बहनों से जेल प्रशासन को सहयोग प्रदान करने तथा मुलाकात के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन अथवा अव्यवस्था उत्पन्न करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति को मुलाकात से वंचित किया जा सकता है।


Created On :   25 Aug 2026 7:25 PM IST

Tags

Next Story