- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- अनूपपुर
- /
- हाथियों के आतंक पर बिसाहूलाल सिंह...
अनूपपुर न्यूज: हाथियों के आतंक पर बिसाहूलाल सिंह ने सीएम से मांगा स्थायी समाधान

डिजिटल डेस्क अनूपपुर। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ते हाथी-मानव संघर्ष को लेकर पूर्व मंत्री एवं अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भेजकर ठोस कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के मरवाही वन क्षेत्र से हाथियों के प्रवेश मार्ग को नियंत्रित करने के लिए मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर गहरी खाई (टंच लाइन) बनाने तथा जिले में विचरण कर रहे हाथियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित वन क्षेत्र में स्थानांतरित करने की मांग की है।
विधायक ने बताया कि 16 अगस्त को तीन हाथियों का झुंड चोलना, पहरिया, कुकुरगोड़ा, धनगवां, चोई, भलुवान टोला, चौधरियान टोला और पड़वनिया टोला क्षेत्र में पहुंचा और फसलों को नुकसान पहुंचाया। वर्तमान में हाथियों के घुसरिया बीट के लेगरा पहाड़ क्षेत्र में विचरण करने की जानकारी है।
उन्होंने वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल के संकलित आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि अप्रैल 2011 से अप्रैल 2026 तक हाथियों के हमलों में 17 ग्रामीणों की मौत हो चुकी है। इनमें 12 पुरुष, चार महिलाएं और एक बालक शामिल हैं।
बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि केवल हाथियों को खदेड़ना स्थायी समाधान नहीं है। सीमा पर टंच लाइन के साथ वर्तमान हाथियों का विशेषज्ञ टीम से रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरण जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दीर्घकालिक कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया।
Created On :   26 Aug 2026 7:15 PM IST












