- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- अनूपपुर
- /
- लकड़ी बीन रहे युवक पर भालू ने किया...
Anuppur news: लकड़ी बीन रहे युवक पर भालू ने किया हमला

डिजिटल न्यूज़ अनूपपुर
जिला मुख्यालय से करीब 9 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बरबसपुर के भोलगढ़ गांव से लगे पिंजरहा धार जंगल में गुरुवार दोपहर सूखी लकड़ी बीन रहे एक युवक पर जंगली भालू ने हमला कर दिया। हमले में युवक के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक का जिला चिकित्सालय अनूपपुर में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय सुरेश धनुहार पिता स्व. राम स्वरूप धनुहार (बैगा), निवासी भोलगढ़, अपने पड़ोसी लाला धनुहार के साथ जंगल में सूखी लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान अचानक एक जंगली भालू ने सुरेश के पैर को अपने मुंह और जबड़े से पकड़ लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
भालू के हमले के बाद सुरेश किसी तरह अपने घर पहुंचा। घटना की जानकारी मिलने पर रमेश मैना एवं ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय स्थित वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल को सूचना दी। श्री अग्रवाल ने तत्काल वन परिक्षेत्र अधिकारी अनूपपुर स्वर्ण गौरव सिंह को घटना से अवगत कराया।
108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर वन विभाग के बीट गार्ड रोहित उपाध्याय के साथ निजी ऑटो वाहन से घायल युवक को जिला चिकित्सालय अनूपपुर लाया गया। यहां ड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
बताया गया कि घटना के दौरान सुरेश का साथी लाला धनुहार भी भालू के हमले की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। भालू के दौड़ाने पर वह जंगल की दूसरी दिशा में भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना के बाद ग्रामीणों में जंगल क्षेत्र को लेकर भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
Created On :   18 Sept 2026 12:59 PM IST











