- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- आवारा श्वानों के झुंड का बढ़ता...
Bhandara News: आवारा श्वानों के झुंड का बढ़ता आतंक, पालतू पशुओं पर लगातार हमले

Bhandara News कान्हलगांव-सिरसोली गांव में आवारा और आक्रामक श्वानों का आतंक बढ़ता जा रहा है। श्वानों के झुंड ने अब तक 20 बकरियों, 8 गाय के बछड़ों और कई मुर्गियों को अपना शिकार बनाया है। लगातार हो रहे हमलों से पशुपालकों में चिंता के साथ ही ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर इन खतरनाक श्वानों को पकड़ने की मांग की है। करीब डेढ़ हजार की आबादी वाले कान्हलगांव-सिरसोली में पिछले कुछ दिनों से आवारा श्वानों की संख्या और उनकी आक्रामकता बढ़ गई है। ये श्वान गांव में घूमते हुए पालतू पशुओं पर अचानक हमला कर रहे हैं। इससे पशुपालकों को अपने मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते श्वानों को नहीं पकड़ा गया तो भविष्य में ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों पर भी हमला हो सकता है। इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सरपंच, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत कान्हलगांव-सिरसोली तथा गुट विकास अधिकारी, पंचायत समिति मोहाड़ी को ज्ञापन सौंपा है।
यह भी पढ़े -घरेलू क्रिकेट में लगातार दमदार प्रदर्शन, फिर भी भारत की टेस्ट टीम में मौके को तरस रहे ये 5 खिलाड़ी
ज्ञापन में आक्रामक श्वानों को पकड़ने के लिए संबंधित विभाग की सहायता लेने तथा पशुसंवर्धन विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है। इसके अलावा तहसीलदार मोहाड़ी, जिला पशुसंवर्धन अधिकारी भंडारा और आंधलगांव पुलिस को भी ज्ञापन दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि श्वानों का आतंक और बढ़ने से पहले ठोस उपाय किए जाएं तथा ग्रामीणों और उनके पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। माधव बांते, अश्विन शेंडे, सतीश लुटे, विजय कस्तुरे, राजकुमार लिल्हारे, राजू निमकर, ज्ञानीराम निंबार्ते सहित 76 ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
Created On :   29 Aug 2026 4:16 PM IST














