MP News: कान्हा टाइगर रिजर्व से प्रारंभ करेंगे सीएम वन्यप्राणी सप्ताह, बाड़े में रखे जंगली भैंसे खुले जंगल में छोड़ सकते हैं

कान्हा टाइगर रिजर्व से प्रारंभ करेंगे सीएम वन्यप्राणी सप्ताह, बाड़े में रखे जंगली भैंसे खुले जंगल में छोड़ सकते हैं

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। आगामी 1 अक्टूबर से प्रदेश के सभी टाईगर रिजर्व एवं अन्य पर्यटक केंद्रित जंगल खुलने वाले हैं तथा इस दिन मुख्यमंत्री मोहन यादव कान्हा टाइगर रिजर्व जाकर वन्यप्राणी सप्ताह की शुरुआत करेंगे। हालांकि वन मुख्यालय ने भोपाल स्थित वन विहार नेशनल पार्क से इसकी शुरुआत करने का प्लान बनाया था परन्तु ऐन वक्त पर सीएम ने कान्हा टाइगर रिजर्व का चयन किया है। इस दिन सीएम बाड़े में रह रहे जंगली भैंसों को खुले जंगलों में भी छोड़ सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि कान्हा टाइगर रिजर्व की सुपखार रेंज में असम के काजीरंगा नेशनल पार्क से लाए गए जंगली भैंसे फिलहाल विशेष बाड़ों में रखे गए हैं। काजीरंगा से दो चरणों में कुल 8 जंगली भैंसों (नर और मादा) को लाकर विशेष बाड़ों में रखा गया है। पहले जत्थे के 4 जंगली भैंसों (तीन मादा और एक नर) को 28 अप्रैल 2026 को और 4 और जंगली भैंसों का दूसरा जत्था मई 2026 में लाया गया था।

इन भैंसों को सीधे खुले में नहीं छोड़ा जाता है और इन्हें पहले बाड़े में रखकर नए माहौल के अनुकूल बनाया जाता है, उनकी स्वास्थ्य और गतिविधियों की निगरानी की जाती है। लगभग 100 साल (एक सदी) पहले मप्र से जंगली भैंसों का कुनबा विलुप्त हो गया था, जिनकी इस पुनरुत्थान (रीइन्ट्राडक्शन) के जरिए ऐतिहासिक वापसी हुई है।

Created On :   1 Oct 2026 12:59 AM IST

Tags

Next Story