MP News: छर्रे से चीता केएनजी-22 के शिकार करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी भरमार बंदूक भी बरामद

डिजिटल डेस्क, भोपाल। चीता केएनजी-22 के शिकार में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लाइसेंसी भरमार बंदूक बरामद की गई है। प्राप्त अधिकृत जानकारी के अनुसार, विगत 25 अक्टूबर 2026 को वनमण्डल श्योपुर के कक्ष क्रमांक 748 के अंतर्गत एक नर चीता (केएनजी-22) को घायल अवस्था में रेस्क्यू किया गया था, जिसकी चिकित्सकीय शल्य क्रिया के दौरान चीता के शव से अग्नेय शस्त्र के छर्रे पाये गये थे। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उक्त घटना की विवेचना हेतु राज्य शासन द्वारा वन एवं पुलिस अधिकारियों को शामिल कर 4 सदस्यों की एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया गया। स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए भगवान सिंह निवासी ग्राम नवलपुरा-बेहरारा, तहसील पहाड़गढ़ जिला मुरैना को संलिप्त होने के कारण गिरफ्तार कर न्यायालय विजयपुर (जिला-श्योपुर) के समक्ष प्रस्तुत कर दो दिवस की वन/पुलिस अभिरक्षा प्राप्त की गई है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को वह अपने भाई प्रीतम सिंह के साथ ग्राम नितनवास विजयपुर (जिला-श्योपुर) के समीप के जंगल मे शिकार के उद्देश्य से मौजूद था। इसी दौरान उक्त क्षेत्र में चीते का मूवमेंट होने पर उसके द्वारा अपनी लाइसेंसी दो नाली वाली टोपीदार भरमार बंदूक से चीते पर गोली चलाई गई तथा घटना के पश्चात वह मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़े -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नए उप पुलिस अधीक्षकों को दिए कर्तव्य मंत्र, कहा - 'रील से ज्यादा रियल प्रॉब्लम करें सॉल्व'
आरोपी भगवान सिंह के कथन के आधार पर उसके भाई प्रीतम सिंह, को भी मुरैना पुलिस की सहायता से अभिरक्षा मे लिया। दोनों आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर मौका शिनाख्त कारवाई गई तथा उनकी निशानदेही पर शिकार में प्रयुक्त लाइसेंसी दो नाली वाली टोपीदार भरमार बंदूक को वन मण्डल मुरैना के जंगल से बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। अब तक की गई विवेचना के दौरान इस प्रकरण में किसी भी प्रकार के व्यावसायिक अथवा संगठित वन्यजीव अपराध गिरोह की संलिप्तता नहीं पाई गई है।
Created On :  


