MP News: पूर्व मंत्री विश्नोई के बंगले में नल-टोंटियां चोरी करने वाला आरोपी झुमरू गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल के चार इमली में पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी बंगले में नल टोंटी चोरी करने वाले चोर को पुलिस ने करीब तीन महीने बाद रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी संतोष अहिरवार उर्फ झुमरू पर चोरी सहित कुल 12 मामले भोपाल के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी की दो घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। आपको बता दें विश्वोई के बंगले में 9 अगस्त 2026 को चोरी हुई थी। आरोपी ने बंगले का ताला तोड़कर चार बाथरूम और किचन से नल की 16 टोंटियां चुराई थीं। वारदात के समय बंगले पर कोई मौजूद नहीं था। चोरी की मौखिक शिकायत पर हबीबगंज पुलिस ने जांच शुरू की थी।
यह भी पढ़े -भोपाल में कर्ज के बोझ तले दबे कैटरिंग कारोबारी पर परिवार की हत्या का शक, रेलवे ट्रैक पर मिला शव
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे और मुखबिर से मिली जानकारी के बाद उन्हें चोर झुमरू को पकड़ने में कामयाबी मिली। आरोपी के अंकुर खेल मैदान के पास होने की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने बंगले में चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि अगस्त में दोपहर 1-2 बजे के बीच वह ई-11/3 बंगले की लाइन में पहुंचा था। वहां एक बंगले में ताला लगा देखकर वह दीवार कूदकर अंदर घुसा । इसके बाद उसने 15 से 16 नल की टोंटियां चोरी कर ली। पुलिस को आरोपी ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए चोरी की टोंटियां प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास छिपाकर रखी थीं।
यह भी पढ़े -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रोपा 'संकल्प वृक्ष', कहा- 'हमारी विशेषता है अनेकता में एकता'
12 चोरी सहित अन्य मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक आरोपी संतोष उर्फ झुमरू के खिलाफ अलग-अलग थानों में 12 मामले दर्ज हैं। आरोपी का चोरी,मारपीट और अन्य मामलों का आपराधिक रिकॉर्ड है। सबसे ज्यादा मामले टीटी नगर में 10, कमला नगर और हबीबगंज थाने में 1-1 प्रकरण दर्ज हैं।
Created On :  

