Chandrapur News: बेमौसम बारिश से हुए फसलों के नुकसान का तत्काल पंचनामा करें : मुनगंटीवार

बेमौसम बारिश से हुए फसलों के नुकसान का तत्काल पंचनामा करें : मुनगंटीवार
भाजपा पदाधिकारियों ने खेतों में जाकर लिया हालात का जायजा

Chandrapur News 23 फरवरी 2026 को हुई बेमौसम बारिश और तेज आंधी के कारण जिले में किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने जिला प्रशासन को तत्काल प्रभावित फसलों का पंचनामा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

विधायक मुनगंटीवार ने जिलाधिकारी से कहा कि नुकसानग्रस्त खेतों का त्वरित सर्वेक्षण कर निष्पक्ष पंचनामा किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी किसान के साथ अन्याय न हो। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्यवाही करने को कहा। बेमौसम बारिश से मक्का, गेहूं, मिर्च, चना, कपास और ज्वार की फसल को व्यापक क्षति पहुंची है। विशेष रूप से सावली, मुल, पोंभुर्णा, बल्लारपुर, गोंडपिपरी और चंद्रपुर तहसीलों में किसानों को बड़ा झटका लगा है। कई स्थानों पर कटाई के लिए तैयार फसलें जमीन पर गिर गईं, जबकि कुछ इलाकों में मक्का की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है।

विधायक मुनगंटीवार के निर्देश के बाद भाजपा पदाधिकारियों ने भी सक्रियता दिखाते हुए प्रभावित क्षेत्रों में खेतों पर पहुंचकर प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। बल्लारपुर, सावली, मुल और पोंभुर्णा तहसीलों में पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने किसानों से मुलाकात कर नुकसान का आकलन किया और उन्हें हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान भाजपा पदाधिकारी, कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर किसानों को आश्वस्त किया गया कि इस कठिन समय में वे अकेले नहीं हैं और प्रशासन के माध्यम से शीघ्र राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Created On :   27 Feb 2026 2:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story