- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- देहात थाना क्षेत्र के सड़क हादसों...
Chhindwara News: देहात थाना क्षेत्र के सड़क हादसों में दो लोगों की मौत

Chhindwara News: देहात थाना क्षेत्र के मारई में शनिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक को गंभीर चोट आई थी। घायल को अस्पताल लाया गया था। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना रविवार सुबह चांद में घटी थी। यहां एक बेलगाम कार ने अधेड़ को रौंद दिया था।
हादसे में घायल बुजुर्ग को अस्पताल लाया गया था। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीसरा मामला देहात थाना क्षेत्र के मोहरली की है। यहां खेल-खेल में बच्चा पानी के टांके में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। तीनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामलों को जांच में लिया है।
गंगापूजन से लौट रहे युवक की हादसे में मौत
देहात पुलिस ने बताया कि उमरियाओझी निवासी 40 वर्षीय राजेश पिता दुरगलाल युवनाती शनिवार को गंगापूजन के कार्यक्रम में शामिल होने मारई आया था। रात को यहां से लौट रहे बाइक सवार राजेश को रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रुप से घायल राजेश काे जिला अस्पताल लाया गया था। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कार ने अधेड़ को रौंदा, मौत
अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि रविवार को चांद बस स्टैंड पर ग्राम बारी निवासी 53 वर्षीय तिज्जू पिता दशरू रंगारे को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। परिजनों के मुताबिक टक्कर के बाद कार सवार ने तिज्जू को काफी दूर तक घसीटता ले गया। इस दौरान कई दुकानों को भी कार चालक ने टक्कर मारी है। हादसे में गंभीर रुप से घायल तिज्जू को निजी अस्पताल ले जाया गया था, हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया था। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पानी के टांके में गिरा मासूम, मृत
देहात पुलिस ने बताया कि मोहरली निवासी अकील के घर का निर्माण कार्य चल रहा है। घर के पिछले हिस्से में पानी का टांका बना हुआ है। रविवार दोपहर लगभग तीन बजे अकील का 3 वर्षीय बेटा अनस खेलते खेलते टांके में जा गिरा। काफी देर तक जब बच्चा दिखाई नहीं दिया तो उनकी तलाश शुरू की गई।
टांके के समीप उसकी साइकिल पड़ी थी और अनस टांके में था। परिजनों ने अनस को पानी से बाहर निकाला और जिला अस्पताल लाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से पूरा परिवार सदमे में है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
Created On :   22 Dec 2025 2:34 PM IST












