- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- सुरक्षा मानकों में कमी, तीन कोचिंग...
Chhindwara News: सुरक्षा मानकों में कमी, तीन कोचिंग बंद करने के आदेश

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच टीम ने बीते दिवस नगर के तीन कोंचिग संस्थानों की जांच की थी। जांच में कमियां पाने पर इनके खिलाफ मामला प्रस्तुत गया। मंगलवार को एसडीएम न्यायालय में सुनवाई के दौरान कोचिंग संस्थानों को निर्देशित किया गया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रख कर तय मानकों की पूर्ति करने तक उन्हें बंद रखा जाए। संबंधित मानकों की पूर्ति जांच की सही पाए जाने पर ही संस्थानों को संचालित करने का आदेश दिया जाएगा। प्रशासन द्वारा अन्य कोंचिंग संस्थानों की जांच प्रस्तावित है।
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, डीएसी एवं सीएमओ की संयुक्त टीम ने कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया था। इस दौरान अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, विद्युत सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी मिली थी। इसके अलावा कमरों के आकार के अनुपात में विद्यार्थियों की संख्या भी अधिक पाई गई थी।
इन कोंचिंग संस्थानों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 152 के अंतर्गत मामला कायम किया गया था। मामले में सुनवाई के दौरान तीनों कोचिंग संस्थानों को आवश्यक कमियों की पूर्ति करने तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए।
सुनवाई के दौरान संबंधित भवन स्वामियों ने न्यायालय के समक्ष आश्वस्त किया कि वे निर्धारित समयावधि में सभी कमियों की पूर्ति कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करेंगे। कमियों की पूर्ति एवं सक्षम प्राधिकारी द्वारा संतुष्टि के उपरांत कोचिंग संचालन के संबंध में आदेश जारी किया जाएगा।
इनका कहना है
विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तीन कोचिंग को कमियां पूरी करने तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। अन्य कोचिंग संस्थानों का भी चरणबद्ध निरीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सिद्धार्थ पटेल, एसडीएम सौंसर
Created On :   4 Aug 2026 9:23 PM IST











