- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- डिंडोरी
- /
- सीएम हेल्पलाइन निराकरण में जिले का...
Dindori News: सीएम हेल्पलाइन निराकरण में जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन, ग्रुप-बी में प्रदेश में द्वितीय स्थान

डिजिटल डेस्क,डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रभावी नेतृत्व में जिले ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण में एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जून 2026 की मासिक सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में जिले ने 84.40 वेटेज स्कोर प्राप्त करते हुए ग्रुप-बी में प्रदेश में द्वितीय स्थान अर्जित किया है। साथ ही डिण्डौरी जिला पिछले एक वर्ष से लगातार 'ए' ग्रेड बनाए रखने में सफल रहा है, जो जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राजस्व विभाग ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 87.10 वेटेज स्कोर प्राप्त किया है। विभाग ने ग्रुप-बी में प्रदेश में प्रथम स्थान तथा सम्पूर्ण प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
यह उपलब्धि जिले के सभी विभागों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों के नियमित अनुश्रवण, सतत समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किए जाने से जिले ने यह सफलता प्राप्त की है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, प्रभारी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन श्री बैधनाथ वासनिक सहित सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से डिण्डौरी जिला मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रभावी निराकरण में प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी सशक्त पहचान बनाए हुए है।
जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी विभागों की उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यशैली, बेहतर समन्वय एवं जनसेवा के प्रति समर्पण को दिया है। साथ ही आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक निराकरण के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया है।
Created On :   21 July 2026 3:58 PM IST












