आयोजन: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- महिला सक्षमीकरण के प्रति राज्य सरकार पूरी तरह कटिबद्ध

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- महिला सक्षमीकरण के प्रति राज्य सरकार पूरी तरह कटिबद्ध
  • एमआईडीसी के प्रांगण में मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण का जिलास्तरीय कार्यक्रम
  • सशक्त बचत समूह बनाने का आह्वान
  • विभिन्न विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। आदिवासी बहुल गड़चिरोली जिले से मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ महिलाओं के लिए नई क्रांति का दिन है। इस अभियान के माध्यम से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिले की 38 हजार 500 महिलाओं को लाभ दिया गया है। पिछले डेढ़ वर्ष की कालावधि में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने अनेक फैसले लिए और उन पर प्रभावी अमल शुरू है। आने वाले दिनों में भी यह सरकार महिला सक्षमीकरण के लिए कटिबद्ध है। ऐसा राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा।

एमआईडीसी के प्रांगण में मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण का जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस समय वे बाेल रहे थे। कार्यक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री और जिले के पालकमंत्री देवेंद्र फडणवीस, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री धर्मरावबाबा आत्राम, सांसद अशोक नेते, विधायक डा. देवराव होली, विधायक कृष्णा गजबे, पुलिस उपमहानिरीक्षक संदीप पाटील, जिलाधिकारी संजय मीना, जिप की मुख्य कार्यकारी अधिकारी आयुषी सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल आदि प्रमुखता से उपस्थित थे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि, महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए बचत समूह के अर्थसहाय में दोगुनी वृद्धि की गयी है। आजादी के 75 वर्ष बाद पहली बार ही गड़चिरोली में शहर हजारों की तादाद में महिला इकट्‌ठा हुईं हैं। यह गौरव की बात है। आज सभी क्षेत्र में पुरुषों के मुकाबले महिलाएं आगे हैं। विधानसभा से लेकर लोकसभा में भी महिलाओं को आरक्षण घोषित किया गया है। गड़चिरोली जिले में भी कर्तव्यवान महिलाओं की कोई कमी नहीं है। यहां की छात्राएं अब विदेश में पढ़ रहीं हंै। डाक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता बनकर स्थानीय छात्राएं जिले में रहकर ही अपनी सेवाएं दे रहीं हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य की सरकार पूरी तरह कटिबद्ध होने की बात भी इस समय मुख्यमंत्री शिंदे ने कही।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथों 149 करोड़ 75 लाख रुपए के विभिन्न 30 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया जिसमें प्रमुखता से जिले के दुर्गम क्षेत्र में कनेक्टिविटी निर्माण करने 100 मोबाइल टॉवर का निर्माण, ग्यारापत्ती गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य दल का निर्माणकार्य, मानव विकास मिशन के तहत 8 एकल गोदाम, एकल सेंटर, आदिवासी विकास विभाग के माध्यम से शाला और छात्रावास का निर्माणकार्य, गड़चिरोली के तालाब का सौंदर्यीकरण, नगर परिषद व नगर पंचायत के प्रशासकीय इमारतों का निर्माणकार्य आदि विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन इस समय किया गया। इस समय कार्यक्रम की प्रस्तावना जिलाधिकारी संजय मीना ने रखी। आभार जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी आयुषी सिंह ने माना। कार्यक्रम में जिलेभर की 25 हजार से अधिक महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्शायी

Created On :   10 Jan 2024 11:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story