- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- नक्सल आंदोलन को फिर लगा झटका , 10...
Gadchiroli News: नक्सल आंदोलन को फिर लगा झटका , 10 लाख के इनामी नक्सली दंपति ने किया सरेंडर

Gadchiroli News सोमवार 14 अक्टूबर को जिला पुलिस विभाग और सीआरपीएफ को एक बड़ी कामयाबी हाथ आयी है। नक्सल आंदोलन से तंग आकर 10 लाख रुपए के इनामी नक्सल दंपति ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। समर्पित नक्सलियों में भामरागढ़ नक्सल कमांडर और दलम सदस्य शामिल हैं।
दोनों के खिलाफ जिले के विभिन्न पुलिस थानों में कई सघन अपराध दर्ज होकर समर्पित नक्सलियों में छग राज्य के सुकमा जिले के पिड़मिली निवासी भामरागढ़ नक्सल कमांडर वरूण राजा मुचाकी उर्फ उंगा उर्फ मनिराम उर्फ रेंगु (27) और उसकी पत्नी भामरागढ़ दलम सदस्य मल्लमपोडूर गांव निवासी रोशनी विज्या वाचामी (24) शामिल हैं। सरकार ने वरूण राजा पर 8 लाख तो राेशनी पर कुल 2 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। आत्मसमर्पण के बाद सरकार ने वरूण राजा के पुनर्वास के लिए 5 लाख 50 हजार तो रोशनी के पुनर्वास के लिए 4 लाख 50 रुपए की निधि मंजूर करने की जानकारी पुलिस विभाग ने दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुलत: छत्तीसगढ़ राज्य के पिड़मिली गांव निवासी वरूण राजा के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में कुल 15 अपराध दर्ज है जिसमें 10 मुठभेड़ और अन्य 5 मामलों का समावेश है। वहीं उसकी पत्नी रोशनी के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में कुल 23 मामले दर्ज हैं जिसमें 13 मुठभेड़ के साथ अन्य 10 मामलों का समावेश है। बता दें कि, नक्सल दंपत्ति द्वारा एक साथ समर्पण करने से सरकार ने दोनों के पुनर्वास के लिए अतिरिक्त डेढ़ लाख रुपए की निधि भी मंजूर की है जिसके चलते अब वरूण और रोशनी के पुनर्वास के लिए कुल 11 लाख 50 हजार रुपए की निधि उपलब्ध करायी गयी है। दोनों के आत्मसमर्पण में नक्सल विरोधी अभियान के विशेष पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटील, गड़चिरोली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अंकित गोयल, सीआरपीएफ (अभियान) के पुलिस उपमहानिरीक्षक अजयकुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल के मार्गदर्शन में सी-60 जवानों और सीआरपीएफ के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Created On :   15 Oct 2024 4:08 PM IST















