Gondia News: गोंदिया की स्वास्थ्य सेविका बनी मसीहा, चलती ट्रेन में कराई सुरक्षित प्रसूति

गोंदिया की स्वास्थ्य सेविका बनी मसीहा, चलती ट्रेन में कराई सुरक्षित प्रसूति
चिकित्सा सामग्री नहीं होते हुए भी राजश्री भोंडे ने समय की गंभीरता को पहचाना

Gondia News अगर आप आपने कर्तव्य और समय की गंभीरता को समझते हैं तो चलती ट्रेन में भी चमत्कार हो सकता है। इसी तरह का एक चमत्कार नागपुर से मुंबई की ओर जा रही दुरंतो सुपरफास्ट एक्सप्रेस में बुधवार 24 जून को हुआ। इस ट्रेन में एक गर्भवती महिला को अचानक लेबर पेन होने लगा।

अगला स्टेशन आने में समय होने के कारण स्थिति को गंभीरता से लेते हुए गोंदिया की स्वास्थ्य सेविका राजश्री भोंडे (नेवारे) ने स्वयं की जिम्मेदारी पर बड़ा रिस्क लेते हुए चलती ट्रेन में महिला की सुरक्षित रूप से प्रसूति कराई। उनकी इस हिम्मत और सतर्कता से माँ और नवजात शिशु की जान बच सकी। जिससे संपूर्ण जिले में हर स्तर पर आशा सेविका भोंडे की सराहना हो रही है।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को नागपुर-मुंबई दुरंताे एक्सप्रेस जलगांव स्टेशन से थोड़ा आगे निकली ही थी कि अचानक ट्रेन में बैठी गर्भवती महिला को तीव्र लेबर पेन शुरू हुआ।अगला स्टेशन आने में काफी समय होने से महिला के परिजन एवं ट्रेन में बैठे अन्य यात्री पूरी तरह से घबरा गए। इसी ट्रेन से यात्रा कर रही गोंदिया जिले के काटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत मरारटोला उपकेंद्र में कार्यरत एएनएम आशा सेविका राजश्री भोंडे (नेवारे) को जब इसकी जानकारी मिली तो वह बिना डरे स्थिति को संभालने का प्रयास करने लगी।

चलती ट्रेन में आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध न होते हुए भी राजश्री भोंडे ने समय की गंभीरता को पहचाना और अपने अनुभव के बदौलत चलती ट्रेन में महिला की सुरक्षित रूप से सफल प्रसूति करवाकर नवजात शिशु और माँ की जान बचाई। इसके बाद रेलवे प्रशासन से संपर्क कर चालीसगांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोककर वहां पहले से तैनात एम्बुलेंस की मदद से शिशु और माँ को आगे के उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल रेफर किया गया।


Created On :   26 Jun 2026 4:28 PM IST

Tags

Next Story