बघराजी न्यूज: एक साल बाद भी शुरू नहीं हुआ तिलसानी-बघराजी मार्ग का निर्माण, बदहाल सड़क से राहगीर परेशान

घोषणा के बाद लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा, लेकिन एक वर्ष बीतने केबाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है

डिजिटल डेस्क बघराजी। तिलसानी-बघराजी मार्ग के करीब 16 किलोमीटर हिस्से के दोहरीकरण की घोषणा को एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। पिछले वर्ष प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह तथा विभाग के मुख्य सचिव द्वारा सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और वाहन चालकों में नाराजगी है।

निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के कारण मार्ग की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, दोपहिया वाहन चालक कई बार गड्ढों के कारण फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं।

बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव की स्थिति बन जाती है, वहीं मौसम साफ होने पर वाहनों के आवागमन से धूल उड़ने के कारण आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी होती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है। घोषणा के बाद लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह जबलपुर जिले से आते हैं और पूर्व में इसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व सांसद के रूप में कर चुके हैं। ऐसे में ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनके क्षेत्र से जुड़ी इस महत्वपूर्ण सड़क की समस्या का जल्द निराकरण होगा।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि तिलसानी-बघराजी मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।


Created On :   7 Sept 2026 7:58 PM IST

Tags

Next Story