- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अंग्रेजी का खौफ, 10वीं में 436...
Jabalpur News: अंग्रेजी का खौफ, 10वीं में 436 परीक्षार्थियों ने नहीं दी परीक्षा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं बोर्ड की परीक्षा में मंगलवार को अंग्रेजी विषय का पेपर आयोजित हुआ। इसमें रिकाॅर्ड 436 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से दूरी बनाई। जिले के सभी 100 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित हुई इस परीक्षा में कुल 23103 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 22667 ने परीक्षा दी। वहीं मंगलवार से ही सभी सीबीएसई पैटर्न के स्कूलों में भी परीक्षा का शुभारंभ हुआ।
इसमें 10वीं कक्षा की परीक्षा में गणित विषय का पेपर हुआ, जबकि 12वीं की परीक्षा बायोटेक्नोलॉजी के पेपर के साथ शुरू हुई। परीक्षा के पहले उम्मीद जाहिर की जा रही थी कि अंग्रेजी विषय के पेपर में सर्वाधिक नकल होती है लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ, बल्कि एक भी नकल प्रकरण नहीं बना। अभी तक नकल का केवल एक ही प्रकरण बना है वह भी फिजिक्स के पेपर में, कुंडम क्षेत्र के एक स्कूल में छात्र को नकल करते पकड़ा गया था।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 10वीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा सभी 100 केन्द्रों पर हुई, जिसमें शहरी क्षेत्र के 47 और ग्रामीण क्षेत्र के 53 केन्द्र शामिल थे। शहरी क्षेत्र के केन्द्रों में कुल 13025 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 12726 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस प्रकार 299 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के केन्द्रों में 10078 परीक्षार्थी दर्ज थे, जिनमें से 9941 ही शामिल हुए। इस प्रकार कुल 137 परीक्षार्थी गायब रहे।
सेंट्रल स्कूलों में भी शुरू हुए एग्जाम
वहीं सीबीएसई पैटर्न के स्कूलों में भी मंगलवार से परीक्षा का शुभारंभ हुआ। सेंट्रल स्कूल भी इसी पैटर्न के अंतर्गत आते हैं। इसलिए उनमें भी परीक्षा शुरू हुई। यह परीक्षा सुबह 10.30 से दोपहर 1.30 बजे तक आयोजित हुई। इसके अलावा मंगलवार को ही माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 12वीं कक्षा की ड्राॅइंग और डिजाइन विषय की परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसमें 2 केन्द्रों में कुल 7 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इसमें इतने ही परीक्षार्थी दर्ज भी थे।
कलेक्टर ने एमएलबी स्कूल का किया निरीक्षण
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने पीएम श्री स्कूल एमएलबी में माध्यमिक शिक्षा मंडल के गोपनीय कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में पीएम श्री योजना अंतर्गत किए गए कार्यों की प्रगति के साथ विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के समय जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी उपस्थित थे।
Created On :   18 Feb 2026 6:18 PM IST












