Jabalpur News: एसआईआर खत्म हो गया फिर भी भटक रहे लोग

एसआईआर खत्म हो गया फिर भी भटक रहे लोग
समय सीमा में आवेदनों का निराकरण न होने से परेशान जनता, लोकसेवा केंद्र के आए दिन लगा रहे चक्कर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जनता परेशान न हो और आय, मूल निवासी, जाति सहित अन्य प्रमाण पत्रों का निर्धारित समय पर निराकरण हो इसके लिए शासन ने लोकसेवा केंद्रों की स्थापना की है मगर ये केंद्र पिछले कुछ दिनों से लोगों की परेशानी का कारण बन गए हैं। यहां आवेदन तो जमा हो रहे हैं मगर निर्धारित समय सीमा में उनका निराकरण नहीं हो रहा है जिससे आवेदक प्रमाण पत्र के लिए आए दिन चक्कर लगा रहे हैं।

आश्चर्य की बात तो यह है कि यहां कोई जिम्मेदार अधिकारी भी नहीं रहता है जिसे आवेदक अपनी पीड़ा सुना सकें। यहां आने वाले आवेदकों का कहना है कि पिछले तीन-चार माह से तो लोगों को यह कहकर भटकाया जाता था कि अभी एसआईआर का कार्य हो रहा है अधिकारियों की व्यस्तता के कारण प्रकरणों का निराकरण नहीं हो पा रहा है मगर अब तो एसआईआर का कार्य लगभग समाप्त हो गया है इसके बाद भी लोगों को भटकाया जा रहा है।

एक दिन में देना है आय और मूल निवासी प्रमाण पत्र: जानकारों की मानें तो लोकसेवा केंद्र में आवेदन जमा होने वाले दिन शाम को या फिर दूसरे दिन आय और मूल निवासी प्रमाण पत्र देने की समय सीमा निर्धारित की गई है मगर देखने में यह आ रहा है कि लोकसेवा केंद्र में आवेदन जमा करने के बाद निर्धारित समय में भी यह प्रमाण पत्र लोगों को नहीं मिल पा रहे हैं।

आवेदन जमा करने के बाद जब आवेदक प्रमाण पत्र पाने लोकसेवा केंद्र पहुंचते हैं तो उन्हें एक ही जवाब मिल रहा है कि प्रमाण पत्र में अभी अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं हुए हैं।

सीट में नहीं मिल रहे तहसीलदार

इन सभी आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार को अधिकृत किया गया है। पूर्व में लोगों के भटकाव की स्थिति को देखते हुए शासन के निर्देश पर न्यायालयीन कार्य और फील्ड कार्य के लिए अलग-अलग तहसीलदार नियुक्त किए गए हैं, ताकि लोगों काे परेशान न होना पड़े। इसके बाद भी आम जनता लगातार परेशान हो रही है। इसका कारण यह है कि अभी भी पूर्व ही तरह ही अधिकांश तहसीलदार सीट पर नहीं मिल रहे हैं।

Created On :   18 Feb 2026 6:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story