- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बंदरिया तिराहे के लेफ्ट टर्न और...
Jabalpur News: बंदरिया तिराहे के लेफ्ट टर्न और यातायात में बाधक बन रहे अवैध कब्जों को हटाया

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस के संयुक्त अमले द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई निरंतर चल रही है। मंगलवार को अतिक्रमण विभाग की अलग-अलग टीमों ने शास्त्री ब्रिज, बंदरिया तिराहा, कटंगा, गढ़ा और गुलौआ क्षेत्रों में सड़क और फुटपाथ से अवैध कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान बंदरिया तिराहे के लेफ्ट टर्न को अतिक्रमणों से मुक्त करने की कार्रवाई की गई।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि शहर के व्यस्त मार्गों पर अतिक्रमण विभाग ने कार्रवाई करते हुए यातायात में अवरोध पैदा कर रहे अतिक्रमणों को हटाया। इस दौरान शास्त्री ब्रिज और गुलौआ चौक में सड़क किनारे जमे अवैध कब्जों को हटाया गया। इसी तरह कटंगा और गढ़ा के व्यापारिक क्षेत्र में फुटपाथ को अतिक्रमणों से मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वालों को पुन: अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी गई।
जेसीबी मशीन से टूटी पेयजल लाइन, सुधार कार्य के बाद मिली राहत
खजरी-खिरिया बायपास पर गत दिवस जेसीबी मशीन ने पेयजल लाइन तोड़ दी थी। इससे खैरी की पानी की टंकी से जलापूर्ति बंद हो गई थी। नगर निगम के अमले ने मंगलवार को सुधार कार्य पूरा कर लिया है। मंगलवार शाम को पानी की आंशिक सप्लाई की गई। बुधवार सुबह से पानी की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को खजरी-खिरिया बायपास पर जेसीबी मशीन ने नर्मदा पेयजल लाइन तोड़ दी थी। पेयजल लाइन फूटने से सड़क पर बड़े पैमाने पर पानी बह गया। इससे खैरी क्षेत्र में जलापूर्ति बंद हो गई थी। यहां रहने वाले लोग पानी के लिए परेशान हो रहे थे।
जल विभाग के सहायक यंत्री राजेश खम्परिया ने बताया कि मंगलवार को पेयजल लाइन का सुधार कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके बाद खैरी की टंकी में पानी भरना शुरू कर दिया गया। शाम से आंशिक जलापूर्ति शुरू कर दी गई।
Created On :   25 Feb 2026 7:19 PM IST












