जेएनकेविवि: छात्र-छात्राओं को टूर व वर्क एक्सपीरियंस के लिए नहीं मिल पा रहा फंड

छात्र-छात्राओं को टूर व वर्क एक्सपीरियंस के लिए नहीं मिल पा रहा फंड
कुलपति कक्ष के बाहर हुआ प्रदर्शन, एससी और एसटी को मिल गई राशि, विवि प्रबंधन ने कहा- फंड आएगा तो मिलेगा वरना नहीं देंगे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में सोमवार की दोपहर छात्रों ने शैक्षणिक समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि उन्हें न तो एजुकेशनल टूर के लिए राशि दी जा रही है और न ही रुरल एग्रीकल्चर वर्क एक्सपीरियंस के लिए, जिससे उनका सत्र लगातार पिछड़ रहा है। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को राशि न मिलने से उनकी दैनिक आवश्यकताएं भी पूरी नहीं हो पा रही हैं।

विद्यार्थी उस समय भौचक्के रह गए जब प्रबंधन ने यह कह दिया कि राशि आएगी तो मिलेगी वरना नहीं दी जाएगी। कुलपति और कुलसचिव को सौंपे गए पत्र में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय के चौथे वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उल्लेख किया है कि चौथे वर्ष के छात्र-छात्राओं को ग्रामीण कृषि कार्य के अनुभव के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

इसके लिए यहां के छात्र-छात्राओं को कृषि विज्ञान केन्द्र सिवनी या मंडला भेजा जाता है। इसके लिए फंड जारी किया जाता है और लगभग 18 हजार रुपए प्रति विद्यार्थी प्रदान किए जाते हैं। पिछले 6 माह से यह राशि नहीं दी जा रही है। विवि प्रबंधन ने कहा है कि आईसीएआर से ही राशि नहीं भेजी गई है।

इसके साथ ही एजुकेशनल टूर के लिए भी राशि नहीं दी जा रही है। जब विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्रों का भ्रमण ही नहीं कराया जाएगा तो वे कृषि को समझेंगे कैसे। बताया जाता है कि इन मांगों को लेकर विद्यार्थी जब कुलपति के पास पहुंचे तो उन्होंने कहा कि राशि आएगी तो दी जाएगी और नहीं आएगी तो नहीं दी जाएगी। इससे छात्रों में रोष है।

जातियों में कैसा भेदभाव- छात्र-छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज के एससी और एसटी के छात्र-छात्राओं को दोनों ही प्रकार की राशि प्रदान की जा चुकी है। केवल जनरल और ओबीसी वर्ग के लिए राशि का रोना रोया जा रहा है। विद्यार्थियों ने कहा कि इस प्रकार से जातियों में बंटवारा करके विद्यार्थियों को आपस में लड़ाया जा रहा है।

Created On :   5 May 2026 5:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story