Jabalpur News: 247 करोड़ से बनने वाले दो नये प्लेटफाॅर्म का काम फिर उलझा

247 करोड़ से बनने वाले दो नये प्लेटफाॅर्म का काम फिर उलझा
एक साल बाद शुरू हुई टेंडर प्रक्रिया हुई निरस्त, फिर से होगी पूरी कवायद, स्टेशन का कायाकल्प करने 3 साल पहले बनी थी योजना

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन का कायाकल्प करने 3 साल पहले योजना बनी थी और इसके लिए 499 करोड़ का प्रावधान किया गया था। प्लेटफाॅर्म नंबर 1 से लेकर 6 तक का पुनर्विकास और दो नये प्लेटफाॅर्म बनाने का प्रस्ताव था। यह मामला दो साल तक अटका रहा जिसके बाद बजट में कटौती कर दी गई।

इसके बाद 247 करोड़ से दो नये प्लेटफाॅर्म बनाने बजट पास हुआ। एक साल तक रेलवे के अधिकारी इसमें हीलाहवाली बरतते रहे। जैसे-तैसे टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई और फाइनल स्टेज में पहुंच गई फिर न जाने क्या हुआ टेंडर ही निरस्त हो गया। अब पूरी कवायद फिर से करनी पड़ेगी।

स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित करने की बात कही जा रही है लेकिन रेलवे के अधिकारियों ने प्लेटफाॅर्म नंबर एक की तरफ दो नये प्लेटफाॅर्म बनाने की डिजाइन फाइनल करने में ही 6 माह लगा दिये थे।

जैसे-तैसे टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई थी लेकिन उसे भी ऐन मौके पर अब निरस्त कर दिया गया है। अब फिर टेंडर निकलेंगे, एजेंसी तय होगी उसके बाद काम शुरू हो पाएगा। नये प्लेटफाॅर्म पर 24 कोच की ट्रेन खड़ी हो सके उसके अनुसार निर्माण कार्य होना है।

जानकारी के अनुसार वर्तमान में नैनपुर पैसेंजर ट्रेन के लिए जीआरपी स्टेशन के सामने बने प्लेटफाॅर्म क्रमांक एक-ए का विस्तार कटनी एंड पर पार्सल कार्यालय की लाइन तक करके एक नया प्लेटफाॅर्म बनेगा। इसके साथ ही यहां दूसरा प्लेटफाॅर्म बनेगा, जिसके लिए अभी जो बिल्डिंग बनी है उसमें तोड़-फोड़ होगी।

नई ट्रेनें चलाने को लेकर परेशानी

मुख्य रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मुख्य स्टेशन से लगभग दो सैकड़ा ट्रेनें चलती हैं, वहीं लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। प्लेटफाॅर्म न होने से ट्रेनों को चलाने और स्टाॅपेज में परेशानी होती है। इसी तरह रेलवे के पास कोच खड़े करने की भी जगह नहीं है। यही वजह है कि नई ट्रेनें जबलपुर से नहीं चल पा रही हैं। इसके लिए स्टेशन में 6 से बढ़ाकर प्लेटफाॅर्म की संख्या 8 करना है लेकिन यह काम लगातार अटक रहा है।

फिर से टेंडर प्रक्रिया हाेगी

दो नये प्लेटफॉर्म के विस्तार को लेकर टेंडर प्रक्रिया फिलहाल निरस्त हो गई है, एक बार फिर से टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

-हर्षित श्रीवास्तव, सीपीआरओ पमरे

ये काम होने हैं

}दो नये प्लेटफाॅर्म बनने से 8 हो जाएगी संख्या।

}यात्री प्रतीक्षालय, फूड जोन सहित अन्य सुविधाएं।

}प्लेटफाॅर्म में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग द्वार।

}रेलवे के अलग-अलग विभागीय कार्यालय।

}कटनी छोर पर नए फुटओवर ब्रिज का निर्माण।

Created On :   20 April 2026 6:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story