Jabalpur News: मेन्टेनेन्स के लिए अचानक बंद कर दी बिजली, आधे शहर को नहीं मिला पानी

मेन्टेनेन्स के लिए अचानक बंद कर दी बिजली, आधे शहर को नहीं मिला पानी
ललपुर जलशोधन संयंत्र से नहीं हुई पानी की सप्लाई, गर्मी में पानी के लिए मचा हाहाकार

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गर्मी के मौसम में रविवार शाम ललपुर जलशोधन संयंत्र से जुड़े क्षेत्रों में अचानक पानी की सप्लाई नहीं हुई। इससे आधे शहर में पानी के लिए हाहाकार मच गया। नगर निगम के जल विभाग के सहायक यंत्री राजेश खम्परिया ने बताया कि पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने रविवार सुबह 7.30 बजे ललपुर जलशोधन संयंत्र में अचानक मेन्टेनेन्स के लिए बिजली बंद कर दी।

शाम को 5.15 बजे बिजली चालू हुई, इसके बाद रात 8.15 बजे फिर से बिजली गुल हो गई। इससे टंकियों में पानी नहीं भर पाया। शहर के नेपियर टाउन, पीएसएम, टाउन हॉल, दंगल मैदान, गुप्तेश्वर, सेठी नगर, हाथीताल, गोरखपुर, मदनमहल, रामपुर, बादशाह हलवाई मंदिर, पीपी कॉलोनी, संजय नगर अधारताल, ललपुर, गौरीघाट, सिविल लाइन्स, कटंगा और कुलीहिल क्षेत्र में रविवार शाम जलापूर्ति नहीं हुई।

नागरिकों का कहना है कि गर्मी की वजह से पानी की आवश्यकता बढ़ गई है। रविवार शाम को बिना किसी पूर्व सूचना के पानी नहीं आया। इससे लोग पानी के लिए परेशान होते रहे। नगर निगम की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर भी नहीं भेजे गए। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। कई क्षेत्रों में लोगों को पीने के लिए पीना खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ा।

पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एसई सिटी संजय अरोरा का कहना है कि सुबह 10.15 बजे शट डाउन लिया गया था। उसके बाद शाम 4 बजे बिजली चालू कर दी गई है। रात 8.15 बजे जल शोधन संयंत्र में कुछ समय के लिए ट्रिपिंग हुई। इसके बाद बिजली बहाल कर दी गई।

Created On :   20 April 2026 6:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story