- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- एमडीएमए गोलियों के जखीरे के बरामदगी...
सप्लाई का नेटवर्क: एमडीएमए गोलियों के जखीरे के बरामदगी का मामले खुलासा, ज्यादा कमाई के लिए बारबाला से ड्रग्स क्वीन बनी थी में गिरफ्तार महिला आरोपी ए पॉल

Mumbai News. ठाणे के टिटवाला इलाके से मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) द्वारा बरामद किए गए 5000 एमडीएमए गोलियों के जखीरे के मामले में गिरफ्तार महिला ड्रग्स क्वीन ए पॉल (40) को लेकर कई बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ड्रग्स क्वीन बनने से पहले आरोपी पॉल कभी बारबाला हुआ करती थी। जांच में सामने आया है कि ए पॉल ने मुंबई और ठाणे के डांस बारों में करीब 10 साल तक काम किया था। बार में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात कई संदिग्ध लोगों और ड्रग्स तस्करों से हुई। करीब तीन साल पहले एक ड्रग पेडलर ने उसे इस धंधे में उतारा और ज्यादा कमाई का लालच दिया। इसके बाद उसने तेजी से ड्रग्स नेटवर्क में अपनी पकड़ बना ली।
पुलिस के अनुसार, ड्रग्स कारोबार में आने के बाद धीरे-धीरे ए पॉल ने मुंबई के वेस्टर्न सबर्ब्स, साकीनाका, घाटकोपर और अन्य इलाकों में एमडीएमए सप्लाई का नेटवर्क तैयार कर लिया। पुलिस का कहना है कि टिटवाला के एक आलीशान घर में बैठकर वह मुंबई में अपने ड्रग्स पैदलरों के नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये के ड्रग्स कारोबार को ऑपरेट कर रही थी,जिसमें से उसके एक पेडलर इरफ़ान अली अंसारी और डिलीवरी बॉय सूफियान की हुई गिरफ्तारी ने एएनसी को उस तक पहुंचा दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इरफान और ए पॉल की पहचान जेल में हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने दोबारा संपर्क किया। इरफान आरोपी महिला से एमडीएमए खरीदकर मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में सप्लाई करता था। इरफान से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके सहयोगी सुफियान को भी गिरफ्तार किया है, जो ड्रग्स की डिलीवरी संभालता था। एएनसी अधिकारियों के मुताबिक, ए पॉल पूछताछ में ज्यादा सहयोग नहीं कर रही है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, सप्लाई चैन और इस पूरे रैकेट के पीछे बैठे असली सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला ने दो शादियां की थीं। उसका एक पति पहले से ही ड्रग्स केस में गिरफ्तार होकर जेल में बंद है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या महिला के पति या पारिवारिक नेटवर्क का इस्तेमाल भी ड्रग्स कारोबार में किया जा रहा था।पुलिस जब पॉल के टिटवाला स्थित घर पर पहुंची तो वहां से 5000 एमडीएमए गोलियों के अलावा पांच मोबाइल फोन और आठ सिम कार्ड भी बरामद किए गए। जांच एजेंसियां अब मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और चैट हिस्ट्री खंगाल रही हैं ताकि पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का खुलासा हो सके, हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि टिटवाला से बरामद इस खेप का गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर कांड से अभी तक कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। फिर भी जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि ए पॉल की गिरफ्तारी से शहर में सक्रिय एक बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सकता है। आने वाले दिनों में इस मामले में और कई गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
Created On :   20 April 2026 10:28 PM IST






