- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बोईसर -तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में...
सुरक्षा पर सवाल: बोईसर -तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में भगेरिया केमिकल्स से ओलियम गैस रिसाव, इलाके में दहशत

Mumbai News. पालघर के बोईसर- तारापुर एमआईडीसी के औद्योगिक क्षेत्र के डी-जोन स्थित भगेरिया केमिकल्स कंपनी में ओलियम गैस के रिसाव से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गैस हवा के संपर्क में आने के बाद उसका प्रभाव औद्योगिक और रिहायशी इलाकों में महसूस किया गया, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैस का असर फैलते ही कई लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं होने लगीं। हवा की दिशा के कारण गैस का प्रभाव कॅमलिन नाका से टाकी नाका तक देखा गया।
स्थानीय निवासी गिरधर मिस्त्री ने बताया कि रिसाव के बाद काफी दूर तक सफेद धुएं की परत दिखाई दे रही थी। उन्होंने कहा कि अचानक आंखों में तेज जलन और घुटन महसूस होने लगी, जिसके बाद लोगों ने एहतियातन घरों और दुकानों के दरवाजे बंद कर लिए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। जिला प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण विभाग और पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने कहा कि एहतियात के तौर पर कंपनी की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया और अग्निशमन दल को बुलाया गया। गैस रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़े -भारत-पाक सीमा पर लगेगी छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा, दिल्ली में महाराष्ट्र सदन में गर्मजोशी से स्वागत
वही मिली जानकारी के मुताबिक
कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने पर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्कूलों और अन्य संस्थानों में भी सावधानी बरतते हुए विद्यार्थियों और कर्मचारियों को घर भेज दिया गया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और स्थिति सामान्य होने तक घरों के अंदर ही रहें।
बार-बार हो रहे हादसे, श्रमिकों की सुरक्षा पर उठे सवाल
बोईसर - तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में रासायनिक गैस रिसाव की घटनाएं लगातार सामने आने से औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।जिससे कामगारों और स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
ताजा घटना के बाद श्रमिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने उद्योगों में सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन, नियमित सुरक्षा ऑडिट और आपातकालीन प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने की मांग उठाई है। कामगारों का कहना है कि रासायनिक इकाइयों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस और स्थायी उपाय किए जाना अब बेहद जरूरी हो गया है।
Created On :   2 March 2026 9:16 PM IST










