हस्ताक्षर अभियान: ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग के बीच राज ठाकरे से मिले संजय राऊत, विपक्ष के आंदोलन की दी जानकारी - राज भी सक्रिय

ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग के बीच राज ठाकरे से मिले संजय राऊत, विपक्ष के आंदोलन की दी जानकारी - राज भी सक्रिय
  • एसआईआर के मुद्दे पर राज ठाकरे भी सक्रिय
  • मनसे चला रही हस्ताक्षर अभियान

डिजिटल डेस्क, मुंबई. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में विपक्ष के आक्रामक रुख के बीच शिवसेना उद्धव गुट सांसद संजय राऊत ने गुरुवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे से उनके घर शिवतीर्थ पर मुलाकात की। इस मुलाकात को विपक्षी एकजुटता और चुनाव आयोग के खिलाफ चल रहे आंदोलन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक विवाद तेज है। चुनाव आयोग के कामकाज और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। कांग्रेस समेत विपक्षी दल उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। खबर है कि राऊत ने दिल्ली में विपक्षी नेताओं के आंदोलन की जानकारी राज ठाकरे को दी है।

संजय राऊत भी दिल्ली में विपक्ष के आंदोलन में शामिल हुए थे। ऐसे में उन्होंने राज ठाकरे के साथ दिल्ली में हुई राजनीतिक गतिविधियों और विपक्ष की रणनीति पर चर्चा की। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत का आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है। महाराष्ट्र में भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दल एकजुट होते दिखाई दे रहे हैं। कुछ दिन पहले उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और मनसे ने संयुक्त रूप से बड़ा मोर्चा निकाला था। इसके बाद मनसे ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है।

महाविकास आघाड़ी के करीब राज ठाकरे की भूमिका

राज ठाकरे ने अभी तक आधिकारिक रूप से महाविकास आघाड़ी में शामिल होने की घोषणा नहीं की है। हालांकि मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर उनकी भूमिका कई बार विपक्ष के रुख के अनुकूल दिखाई दी है। चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन में उनकी सक्रियता और संजय राऊत से मुलाकात को इसी राजनीतिक संदर्भ में देखा जा रहा है।

Created On :   15 Oct 2026 9:35 PM IST

Tags

Next Story