बड़ी रणनीति: चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन को धार देने मुंबई आ सकते हैं राहुल गांधी, दिवाली से पहले कांग्रेस की सभा की तैयारी

चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन को धार देने मुंबई आ सकते हैं राहुल गांधी, दिवाली से पहले कांग्रेस की सभा की तैयारी
  • तारीख और समय पर फैसला बाकी
  • मुंबई सभा के जरिए आंदोलन को व्यापक बनाने की कोशिश
  • आंदोलन को धार देने मुंबई आ सकते हैं राहुल गांधी

डिजिटल डेस्क, मुंबई. चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर राहुल गांधी इसी महीने के आखिर में मुंबई आ सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक मौजूदा चुनाव आयोग के खिलाफ हो रहे आंदोलन के समर्थन में राहुल गांधी की सभा आयोजित करने की योजना है। पार्टी नेताओं की कोशिश है कि दिवाली से पहले सभा हो जाए, हालांकि अभी तारीख और समय तय नहीं हुआ है। दरअसल कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है। राहुल गांधी भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर लगातार निशाना साध रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।

मुंबई सभा के जरिए आंदोलन को व्यापक बनाने की कोशिश

प्रदेश कांग्रेस के नेताओं का मानना है कि राहुल गांधी की सभा से चुनाव आयोग के खिलाफ चल रहे अभियान को राजनीतिक स्तर पर दिल्ली के अलावा मुंबई और दूसरे शहरों में विस्तार दिया जा सकता है। पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की तैयारी में है। राहुल गांधी के मुंबई दौरे और सभा के एजेंडे को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। वैसे कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियां करने को कह दिया है। पार्टी चाहती है कि दिवाली से पहले सभा आयोजित कर चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन को महाराष्ट्र में भी गति दी जाए।

Created On :   15 Oct 2026 9:29 PM IST

Tags

Next Story