किसानों को सहायता: अब डीबीटी के जरिए किसानों के सीधे बैंक खातों में जमा होगी दिवाली पर मिलने वाली राशि

अब डीबीटी के जरिए किसानों के सीधे बैंक खातों में जमा होगी दिवाली पर मिलने वाली राशि
  • लाभार्थियों की पहचान उपलब्ध सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर होगी
  • रिकॉर्ड में नाम नहीं होने पर इन दस्तावेजों की पड़ सकती है जरूरत

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने किसानों को दिवाली से पहले 5 हजार रुपए की अग्रिम राशि देने का जो फैसला किया है, वह सीधे प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण यानी डीबीटी के जरिए सीधे खातों में पहुंचेगी। सरकार यह राशि किसानों के बैंक खातों में जमा करेगी। इससे पात्र किसानों को सहायता पाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लाभार्थियों की पहचान उपलब्ध सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर किए जाने की योजना है। कृषि विभाग के एक अधिकारी के अनुसार इस रकम को भेजने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि या महाराष्ट्र की नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों के मौजूदा रिकॉर्ड का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और भुगतान से संबंधित अंतिम जानकारी सरकार के आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

रिकॉर्ड में नाम नहीं होने पर इन दस्तावेजों की पड़ सकती है जरूरत

जिन पात्र किसानों का नाम सरकारी रिकॉर्ड में शामिल नहीं है, उन्हें अपना नाम दर्ज कराने या जानकारी में सुधार कराने की आवश्यकता हो सकती है। इसके लिए आधार कार्ड, सातबारा (7/12), आठ-अ (8अ) भूमि रिकॉर्ड और आधार से जुड़ा सक्रिय बैंक खाता जरूरी हो सकता है। किसानों को ई-केवाईसी भी पूरी करनी पड़ सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन या पंजीकरण से जुड़ी जानकारी राज्य सरकार के आधिकारिक पोर्टल या कृषि विभाग से ही सत्यापित करें। नए आवेदन की आवश्यकता अंतिम पात्रता सूची और भुगतान की तारीख को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए।

सूखे से प्रभावित किसानों को मिलेगी तत्काल राहत

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में कम बारिश और सूखे जैसी परिस्थितियों के कारण कृषि क्षेत्र पर दबाव बढ़ा है। ऐसे में दिवाली से पहले मिलने वाली 5 हजार रुपए की सहायता किसानों को तत्काल आर्थिक राहत दे सकती है। हालांकि यह राशि सूखे से हुए कुल नुकसान की पूरी भरपाई नहीं करेगी।

Created On :   15 Oct 2026 10:03 PM IST

Tags

Next Story