मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा: हम देश को क्या दे सकते हैं, यह भावना होनी चाहिए

हम देश को क्या दे सकते हैं, यह भावना होनी चाहिए
राष्ट्रकुल संसदीय अभ्यास वर्ग का उद्घाटन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हमें क्या मिला, इसकी तुलना में हम देश के लिए क्या योगदान दे सकते हैं, यह भावना प्रत्येक व्यक्ति में होनी चाहिए। यह आह्वान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया। वे नागपुर विधान भवन में आयोजित 50वें स्वर्ण महोत्सव के संसदीय अध्ययन वर्ग के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। इस अध्ययन वर्ग का उद्देश्य संसदीय कार्यप्रणाली के महत्व को लोगों तक पहुंचाना है। इस अवसर पर विधान परिषद की उपसभापति डाॅ. नीलम गोर्हे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, संसदीय कार्यमंत्री चंद्रकांत पाटील, विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, राष्ट्रकुल संसदीय मंडल के कोषाध्यक्ष विधायक एड. आशीष शेलार, विधानमंडल सचिव जीतेंद्र भोले, सचिव विलास आठवले और विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र, व्याख्याता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि राजनीतिक व्यक्ति और प्रशासन के प्रति जनता में सम्मान बढ़ाने के लिए संसदीय अध्ययन वर्ग के विद्यार्थियों को प्रक्रिया समझनी चाहिए और लोगों तक पहुंचानी चाहिए। विधानमंडल की गौरवशाली परंपरा है, इसमें एक ऊर्जा और प्रेरणा है। विधानमंडल जनता के लिए एक ऊर्जा है। यहां कई सवालों पर चर्चा होती है। इस अवसर पर आपको इन्हें देखने और समझने का अवसर मिलेगा कि प्रश्नों को कैसे हल किया जाता है। विधायिका के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान करने का ईमानदार प्रयास किया जा रहा है।

अवसर की समानता : भारतरत्न डॉ. बाबासाहब आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से हमें एक सक्षम लोकतंत्र देने की जानकारी देते हुए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अवसर की समानता अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सदन काम कर रहा है। लोकतंत्र का ज्ञान, गहन जानकारी लोगों तक पहुंचाने, उसका अध्ययन करने, प्रक्रिया को समझने और उसकी गंभीरता को लोगों तक पहुंचाने के लिए यह अध्ययन वर्ग महत्वपूर्ण है। विधानमंडल भारतीय संविधान द्वारा विधानमंडलों को दी गई शक्तियों के अनुसार कार्य करता है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस अधिकार के तहत आम लोगों की समस्याओं को सुलझाने का काम किया जा रहा है और विधानमंडल सरकार पर अंकुश लगाने का काम करती है। विधान परिषद की उपसभापति डाॅ. नीलम गोर्हे ने परिचय में संसदीय अभ्यास वर्ग की परंपरा, महत्व और इतिहास के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन विधायक एड. आशीष शेलार ने किया। इस वर्ष के अभ्यास वर्ग में राज्य के विभिन्न कॉलेज के राजनीति विज्ञान एवं लोक प्रशासन के 81 विद्यार्थियों एवं 12 व्याख्याताओं ने भाग लिया।

Created On :   12 Dec 2023 7:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story