गरोबा महोत्सव: इंडियन आइडल फेम पवनदीप राजन और चेतना भारद्वाज देंगे शानदार प्रस्तुति, क्यूआर कोड स्कैन करने पर ही मिलेगा प्रवेश

  • लकड़गंज के सरदार वल्लभभाई पटेल कच्चीविसा मैदान में शाम 6 बजे होगा आयोजन
  • गरोबा महोत्सव में शनिवार को सजेगी सुरों की महफिल
  • पवनदीप राजन और चेतना भारद्वाज शानदार प्रस्तुति देंगे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगरपालिका की ओर से आयोजित गरोबा महोत्सव के अंतर्गत शनिवार, 14 नवंबर को सुमधुर संगीत संध्या का आयोजन किया जा रहा है। लकड़गंज स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कच्चीविसा मैदान में शाम 6 बजे से सुरों की महफिल सजेगी। कार्यक्रम में इंडियन आइडल फेम सुप्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन और गायिका चेतना भारद्वाज अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। आयोजन को लेकर मनपा प्रशासन की ओर से तैयारियां की गई हैं कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, महापौर नीता ठाकरे, राजस्व मंत्री एवं जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, राज्यमंत्री एड. आशीष जैस्वाल, राज्यसभा सदस्य माया इवनाते, विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी, सुधाकर अडबाले, डॉ. परिणय फुके, कृपाल तुमाने, संजय भेंडे, डॉ. राजीव पोतदार तथा विधायक डॉ. नितीन राऊत, कृष्णा खोपड़े, प्रवीण दटके, मोहन मते और विकास ठाकरे उपस्थित रहेंगे।

नागरिकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क

विशेष अतिथि के रूप में उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी, सत्तापक्ष नेता एवं कार्यक्रम संयोजक नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, विरोधी पक्ष नेता संजय महाकालकर, मनपा आयुक्त डॉ. विपीन, अतिरिक्त आयुक्त अंकित मुरुगानंथम एम. और मिलिंद मेश्राम उपस्थित रहेंगे। इनके अलावा क्रीड़ा समिति सभापति दर्शनी धवड, शिक्षा समिति सभापति संतोष लड्ढा, लकड़गंज जोन सभापति महेश्वरी बिसेन, एआईएमआईएम के शकील पटेल, इंडियन मुस्लिम लीग के असलम खान मुल्ला, शिवसेना (उबाठा) के किशोर कुमेरिया, राष्ट्रवादी कांग्रेस की आभा पांडे सहित नगरसेवक भी मौजूद रहेंगे।

क्यूआर कोड स्कैन करने पर मिलेगा प्रवेश

मनपा के उपायुक्त मंगेश खवले और क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पियुष आंबुलकर ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश की व्यवस्था क्यूआर कोड स्कैन आधारित होगी। गरोबा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित यह संगीत संध्या नागरिकों के लिए नि:शुल्क रखी गई है। प्रवेश पास प्राप्त करने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड स्कैन कर पंजीयन कराने की व्यवस्था की गई है। पंजीयन के बाद ही प्रवेश पास उपलब्ध होगा। एक पास पर केवल एक व्यक्ति को प्रवेश दिया जाएगा।महापौर नीता ठाकरे और सत्तापक्ष नेता एवं कार्यक्रम संयोजक बाल्या उर्फ नरेंद्र बोरकर ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर संगीत संध्या का आनंद लेने की अपील की है।

Created On :  

Tags

Next Story