घटना: नागझिरा में करंट लगने से युवा बाघ T-39 की मौत, बाघिन कोका का था शावक, जंगल में मिला शव

नागझिरा में करंट लगने से युवा बाघ T-39 की मौत, बाघिन कोका का था शावक, जंगल में मिला शव
  • घटनास्थल के पास खेत में मिले बिजली के तार और करंट के निशान
  • वन विभाग ने 2 संदिग्धों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागझिरा टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां कोर जंगल में एक युवा नर बाघ की करंट लगने से मौत हो गई। मृत बाघ की पहचान T-39 के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 4 वर्ष बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में बाघ की मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में 2 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

यह घटना 11 नवंबर को नागझिरा वनपरिक्षेत्र के थाडेझरी बीट में बोडुंदा गांव के पास सामने आई। खेत से सटे जंगल में कक्ष क्रमांक 99 के भीतर बाघ का शव पड़ा मिला। गश्त के दौरान वनकर्मियों की नजर शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

बाघिन कोका का बेटा था T-39

मृत बाघ की पहचान पुराने रिकॉर्ड और शारीरिक पहचान चिह्नों के आधार पर T-39 के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह नागझिरा की प्रसिद्ध बाघिन कोका के लिटर का सदस्य था। यानी T-39 कोका का बेटा था। करीब 4 साल का यह बाघ क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा था। उसके इस तरह असमय मारे जाने से वन्यजीव प्रेमियों में चिंता है।

शवविच्छेदन के बाद नमूने जांच के लिए भेजे

प्राथमिक जांच में बाघ के शरीर पर बिजली से झुलसने के निशान मिले हैं। घटनास्थल के पास स्थित खेत में भी बिजली के तार और करंट से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। वन विभाग ने बाघ का शवविच्छेदन कर लिया है। फॉरेंसिक जांच के लिए आवश्यक नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। हालांकि, लैब की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल वन विभाग करंट लगने से मौत होने की आशंका के आधार पर जांच कर रहा है।

फसल बचाने के लिए लगाया था करंट या शिकार का जाल?

वन विभाग ने मामले में 2 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि खेत में फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए अवैध रूप से करंट प्रवाहित किया गया था या फिर बाघ के शिकार के इरादे से जाल बिछाया गया था। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

नागझिरा और आसपास के इलाकों में करंट से वन्यजीवों की मौत की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इससे पहले जय बाघ के बेटे श्रीनिवास की भी नागभीड़ क्षेत्र में करंट लगने से मौत हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन्यजीव प्रेमियों ने खेतों में अवैध रूप से बिजली का करंट लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो कई युवा बाघों की जान खतरे में पड़ सकती है।

Created On :  

Tags

Next Story