क्या बिगाड़ा था!: फंदे से लटका कर बिल्ली को मार डाला, अंधश्रद्धा के चलते क्रूरता की आशंका

फंदे से लटका कर बिल्ली को मार डाला, अंधश्रद्धा के चलते क्रूरता की आशंका
  • शहर में पशु क्रूरता की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई
  • कम्युनिटी कैट को कथित तौर पर फंदे से लटकाकर मारने का मामला

डिजिटल डेस्क, नागपुर. दीपावली पर रविवार को जब पूरा शहर में रोशनी में नहाया हुआ था और खुशियों की आतिशबाजी हो रही थी, उसी समय शहर में पशु क्रूरता की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर में एक कम्युनिटी कैट को कथित तौर पर फंदे से लटकाकर मारने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बिल्ली को एक पेड़ पर गले में रस्सी का फंदा लगाकर बांधा गया था। पुलिस की मदद से किया रेस्क्यू : सूचना मिलने पर हुडकेश्वर पुलिस की मदद से पशु प्रेमी स्मिता मीरे और उनकी एनजीओ टीम ने बिल्ली को फंदे से निकाला और जिला पशु चिकित्सालय पहुंचाया। रविवार को अस्पताल बंद होने के बावजूद विशेष रूप से दवाखाना खोलकर उसका पोस्टमार्टम किया गया।

जिला पशु चिकित्सालय के सहायक आयुक्त डॉ. सुबोध नंदागवली ने बताया कि रिपोर्ट में बिल्ली की मौत गले पर रस्सी के दबाव के कारण होने की पुष्टि हुई है। जिला पशु चिकित्सालय के मयूर काटे ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 12 से 12.30 बजे के बीच सहायक आयुक्त का फोन आया था। सूचना मिलते ही टीम अस्पताल पहुंची। रविवार होने के कारण अस्पताल बंद था, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए आनन-फानन में दवाखाना खोला गया और पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम में बिल्ली की मौत का कारण स्पष्ट हुआ।

काले जादू की आशंका

आसपास के लोगों ने आशंका जताई है कि अंधश्रद्धा या काले जादू के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया होगा। हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हुडकेश्वर पुलिस ने बताया कि यह मामला उनके पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत सामने आया है। हालांकि, इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई है या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है। पशु प्रेमियों ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Created On :  

Tags

Next Story