सरकार का अमल!: फडणवीस ने कहा - गांवों में पानी और चारे की समस्या दूर करना प्राथमिकता, जरूरत वाले क्षेत्रों में 15 दिसंबर तक बोरवेल पर छूट

फडणवीस ने कहा - गांवों में पानी और चारे की समस्या दूर करना प्राथमिकता, जरूरत वाले क्षेत्रों में 15 दिसंबर तक बोरवेल पर छूट
  • सरपंचों के सुझावों पर होगा अमल
  • जलसंधारण और विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और पशुओं के चारे की समस्या दूर करने के लिए सरकार हरसंभव मदद करेगी। जिन गांवों में जल संरक्षण और पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए पहल की जा रही है, वहां के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। सरपंचों की ओर से सुझाए गए विकास कार्यों पर भी सरकार गंभीरता से अमल करेगी। नरखेड़ तहसील के लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ दिवाली मनाने के बाद रविवार को मुख्यमंत्री ने सरपंचों और स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। बैठक में सूखे के हालात, पेयजल संकट, पशुओं के चारे, जलसंधारण, खेतों तक पहुंचने वाले रास्तों, गांव की सड़कों और तालाबों से जुड़े मुद्दे उठाए गए। सरपंचों ने अपनी समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे। फडणवीस ने कहा कि सभी प्रतिनिधियों की बातें सुनी गई हैं और उनके ज्ञापनों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब ग्राम पंचायतों को गांव में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी से वंचित नहीं रखा जाएगा। काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भी उचित व्यवस्था की जाएगी। सरपंचों ने रिचार्ज शाफ्ट के प्रभावी नहीं होने, अटल भूजल योजना के कार्य जल्द पूरे कराने और खराब कार्यों की मरम्मत के लिए निधि उपलब्ध कराने की मांग की।

खेती के लिए 15 दिसंबर तक बोरवेल पर छूट

मुख्यमंत्री ने सूखे की स्थिति को देखते हुए विशेष राहत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत है, वहां पेड़ों को बचाने के लिए केवल कृषि कार्यों के उद्देश्य से बोरवेल खोदने पर लगी रोक 15 दिसंबर तक हटाई जा रही है।

नदी जोड़ परियोजना से 10 लाख एकड़ को सिंचाई

फडणवीस ने कहा कि सूखे का स्थायी समाधान जलसंधारण और नदी जोड़ परियोजनाओं में है। विदर्भ में वैनगंगा-नलगंगा नदी जोड़ परियोजना शुरू की गई है। इससे करीब 10 लाख एकड़ जमीन को सिंचाई का लाभ मिलेगा। वर्तमान क्षेत्र की 21 हजार एकड़ जमीन भी इससे लाभान्वित होगी।

ब्लैकमेल करने वालों पर होगी कार्रवाई

बैठक में कुछ महिला सरपंचों ने पत्रकार बताकर पैसे मांगने और ब्लैकमेल करने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान फडणवीस ने बालपांडे परिवार के आतिथ्य के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि सूखे से परिवार की संतरा, कपास और सोयाबीन की फसल प्रभावित हुई है। किसानों के बीच समय बिताने को उन्होंने नई सीख और प्रेरणा देने वाला अनुभव बताया।

Created On :  

Tags

Next Story