आपकी यात्रा सुखद हो!: दिवाली के बाद वापसी की मारामारी, मुंबई-पुणे की ट्रेनें 5-6 दिन तक फुल, निजी बस वाले काट रहे चांदी

दिवाली के बाद वापसी की मारामारी, मुंबई-पुणे की ट्रेनें 5-6 दिन तक फुल, निजी बस वाले काट रहे चांदी
  • निजी बस संचालकों की मनमानी, मुंबई-पुणे का किराया 4 से 6 हजार रुपए तक पहुंचा
  • स्टेशन पर सोमवार की सुबह से ही लंबी लाइन लगी
  • स्लीपर में वेटिंग 120 पार, गरीब रथ और विदर्भ एक्सप्रेस में भी लंबी प्रतीक्षा सूची
  • छठ पूजा के चलते बिहार जाने वाली ट्रेनों में भी जगह नहीं, यात्री परेशान

डिजिटल डेस्क, नागपुर. दिवाली मनाने अपने घर लौटे लोग अब वापस मुंबई और पुणे जाने के लिए परेशान हो रहे हैं। त्योहार के बाद वापसी की भीड़ इतनी बढ़ गई है कि नागपुर से मुंबई और पुणे जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में अगले 5-6 दिनों तक सीटें उपलब्ध नहीं हैं। इसका सीधा फायदा निजी बस संचालक उठा रहे हैं। सामान्य दिनों की तुलना में बसों का किराया कई गुना बढ़ा दिया गया है। कम दूरी के सफर के लिए भी यात्रियों से हजारों रुपए वसूले जा रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दिवाली के बाद शुरुआती 2 दिनों में सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। नौकरी और कामकाज के सिलसिले में दूसरे शहरों में रहने वाले लोग एक साथ वापस लौटते हैं। यही वजह है कि हर साल त्योहार के बाद ट्रेनों में सीटों की किल्लत होती है।


सोमवार सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लंबी कतारें दिखाई दीं। कई यात्री टिकट काउंटर पर यह पूछते नजर आए कि किसी ट्रेन में सीट खाली है या नहीं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। मुंबई जाने वाली सेवाग्राम एक्सप्रेस में 10 से 15 नवंबर तक स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 120 के पार पहुंच गई है। नागपुर-पुणे गरीब रथ में एसी श्रेणी की वेटिंग भी 80 से अधिक हो गई है। वहीं, नागपुर-मुंबई विदर्भ एक्सप्रेस में टिकट बुकिंग शुरू होते ही प्रतीक्षा सूची 150 तक पहुंचने की स्थिति बन रही है।

नौकरी और पढ़ाई के लिए बाहर गए युवाओं की वापसी की चिंता

दिवाली देश के बड़े त्योहारों में से एक है। इस अवसर पर हर कोई परिवार के साथ त्योहार मनाना चाहता है। नागपुर के बड़ी संख्या में युवा नौकरी और पढ़ाई के लिए मुंबई और पुणे में रहते हैं। वे दिवाली पर कुछ दिनों के लिए अपने घर लौटते हैं और छुट्टियां खत्म होते ही वापस काम और पढ़ाई पर जाने की तैयारी करते हैं।

इस साल दिवाली रविवार को होने के कारण शुक्रवार से ही बड़ी संख्या में युवा विभिन्न ट्रेनों से नागपुर पहुंचे थे। अब छुट्टियां खत्म होने के बाद उनकी वापसी शुरू हो गई है। जिन यात्रियों ने पहले से आरक्षण करा लिया था, उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हो रही है, लेकिन बिना रिजर्वेशन नागपुर पहुंचे लोगों को अब कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।

छठ पूजा के कारण बिहार जाने वाली ट्रेनों में भी जगह नहीं

13 नवंबर से छठ पूजा का पर्व शुरू होने के कारण बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी भीड़ बढ़ गई है। नागपुर में रहकर नौकरी और काम करने वाले बिहार तथा उत्तर प्रदेश के हजारों लोग छठ मनाने अपने घर जा रहे हैं। इसके चलते 10 से 12 नवंबर के बीच नागपुर से बिहार जाने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता खत्म हो गई है।

समस्तीपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 01207 की काफी मांग है। वहीं, ट्रेन नंबर 12295 दानापुर-पटना संघमित्रा एक्सप्रेस भी यात्रियों की पसंद बनी हुई है, लेकिन इसमें वेटिंग 200 के पार पहुंच गई है। इसके अलावा ट्रेन नंबर 12522 बरौनी-राप्तीसागर एक्सप्रेस और 12578 बागमती एक्सप्रेस में भी लंबी प्रतीक्षा सूची होने से यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रही है।

निजी बसों में सफर करना भी आसान नहीं

आम दिनों में निजी बसों की तुलना में रेलवे को यात्री ज्यादा प्राथमिकता देते हैं। इस वजह से सामान्य दिनों में बसों का किराया अपेक्षाकृत कम रहता है। लेकिन ट्रेनों में सीटें फुल होते ही निजी बस संचालकों ने किराये में भारी बढ़ोतरी कर दी है।

यात्रियों के अनुसार, रेलवे में टिकट नहीं मिलने के कारण नागपुर से जयपुर और पटना जाने के लिए निजी बस संचालक 8,000 रुपए से अधिक किराया मांग रहे हैं। वहीं, नागपुर से मुंबई और पुणे जाने के लिए 4,000 से 6,000 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। त्योहार के बाद काम पर लौटने की मजबूरी के चलते यात्रियों को महंगे किराये पर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

Created On :  

Tags

Next Story