घटनाएं: दीपावली की रात तीन स्थानों पर लगी भीषण आग, आसमान में उठीं लपटें और धुएं से मचा कोहराम

दीपावली की रात तीन स्थानों पर लगी भीषण आग, आसमान में उठीं लपटें और धुएं से मचा कोहराम
  • टीवीएस शोरूम में 25 नई दोपहिया समेत वाहन जलकर खाक
  • चिखली में कबाड़ गोदाम भी आग की चपेट में आया
  • करोड़ों की सामग्री जलने का अनुमान
  • मेडिकल चौक की दो मंजिला इमारत में फंसे परिवार को सुरक्षित निकाला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दीपावली की रात शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देवनगर स्थित टीवीएस शोरूम और मेडिकल चौक की दो मंजिला इमारत में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दोनों स्थानों पर आसमान में उठती आग की लपटों और धुएं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे। इसके अलावा चिखली में खुले मैदान में जमा कबाड़ सामग्री भी आग की चपेट में आ गई। तीनों घटनाओं में कई वाहनों समेत लाखों-करोड़ों की सामग्री जलने का अनुमान है। टीवीएस शोरूम में 25 नई दोपहिया समेत अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई, जबकि कबाड़ गोदाम में भी दो दोपहिया वाहन जल गए।

जलते रॉकेट से टीवीएस शोरूम में लगी आग

देवनगर परिसर में दूसरे माले पर जलता हुआ रॉकेट भीतर जाने से शोरूम में आग लग गई। सुरक्षा कर्मचारी ने रॉकेट को भीतर जाते देख तत्काल इसकी सूचना दी, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवनगर में सावरकर रोड स्थित प्लॉट क्रमांक ए-1 पर राजेंद्र कुमार आठवले की ग्राउंड फ्लोर समेत दो मंजिला इमारत है। अतुल झुलकंठीवार ने इस इमारत को साई डायनेमिक टीवीएस शोरूम के लिए किराये पर लिया है। ग्राउंड फ्लोर समेत पूरी इमारत में नए दोपहिया वाहन, कलपुर्जे और अन्य सामग्री रखी हुई थी।

शोरूम बंद होने के बाद रात करीब 8.30 बजे अचानक दूसरे माले पर जलते रॉकेट से आग लग गई। सुरक्षा कर्मचारी ने तत्काल शोरूम संचालक समेत अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते आग ने पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों, प्लास्टिक के हेलमेट और अन्य सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया।

शोरूम के एक कर्मचारी ने विभागीय अग्निशमन अधिकारी तुषार बाराहाते को मोबाइल पर आग लगने की सूचना दी। इससे पहले ही परिसर के नागरिक की सूचना पर मनपा के कंट्रोल रूम से दमकल वाहन रवाना कर दिए गए थे।

नरेंद्रनगर अग्निशमन दल के 2, त्रिमूर्तिनगर अग्निशमन दल के 2 और सिविल अग्निशमन दल के 1 वाहन समेत कुल 5 दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। विभागीय अग्निशमन अधिकारी तुषार बाराहाते, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अशोक घवघवे, सुरेश आत्राम, प्रमुख अग्निशमन विमोचक सोपान शेंबेकर, पंकज इंगले और महेश साखरकर ने मोर्चा संभाला। सूचना मिलते ही स्थानीय नगरसेविका वर्षा चौधरी समेत अन्य लोगों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।

रात 11 बजे मेडिकल चौक की दो मंजिला इमारत में भीषण आग

रविवार रात करीब 11 बजे मेडिकल चौक में हल्दीराम के सामने स्थित रामनारायण जायसवाल के मकान की छत पर बने गोदाम में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। इस पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र उचके, विभागीय अधिकारी तुषार बाराहाते, कॉटन मार्केट के प्रभारी भगवान वाघ, विलास तिलगुले और दुर्गाप्रसाद चौबे समेत 20 से अधिक कर्मचारियों ने 6 दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान हाईलैंडर की सहायता से इमारत के दो माले पर फंसे रामनारायण जायसवाल के परिजनों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेडिकल चौक परिसर में रामनारायण जायसवाल की इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर त्रिभुवन हार्डवेयर और रुपेश किराना स्टोर है। ऊपरी दो मंजिलों पर उनका परिवार रहता है। मकान की छत पर टीन का शेड डालकर हार्डवेयर सामग्री का अस्थायी गोदाम बनाया गया है। इसी गोदाम में पटाखों की चिंगारी से आग लगने की आशंका है। वहां रखे प्लास्टिक के गम बूट, सेफ्टी बेल्ट, पेंट और अन्य सामग्री जलने से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। मनपा के अग्निशमन विभाग की ओर से इस मामले में जल्द ही नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है।

रात 11.30 बजे चिखली के कबाड़ गोदाम में आग, दो दोपहिया भी जले

रविवार रात करीब 11.30 बजे कलमना क्षेत्र के चिखली देव चौक परिसर में खुले मैदान में जमा कबाड़ सामग्री में भी पटाखों की चिंगारी से आग लग गई। आग की चपेट में आने से कबाड़ सामग्री के साथ 2 दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गए। इस घटना में लाखों रुपए की सामग्री का नुकसान होने का अनुमान है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वृंदावन नगर निवासी जितेंद्र साहू ने चिखली झोपड़पट्टी के समीप खुले मैदान में कबाड़ सामग्री जमा कर रखी थी। पटाखों की चिंगारी से इसमें आग लग गई। सूचना मिलते ही कलमना अग्निशमन दल के प्रभारी अधिकारी शेख अकलीम समेत कर्मचारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

कलमना अग्निशमन दल के 16 हजार लीटर क्षमता वाले बाउजर और एक फायर टेंडर के अलावा वाठोड़ा से अतिरिक्त बाउजर तथा सुगत नगर से भी दमकल वाहन बुलाए गए। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया।

इसके बाद आपदा प्रबंधन के तहत कबाड़ रखे मैदान के आसपास के घरों को खाली कराया गया और घरेलू गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

Created On :  

Tags

Next Story