Nagpur News: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में नवजात के जन्म के बाद खुलासा

Nagpur News नाबालिग से दुष्कर्म के एक मामले का खुलासा शहर के निजी अस्पताल में प्रसव के बाद हुआ। पीड़िता ने गुरुवार को एक नवजात शिशु को जन्म दिया। बताया जाता है कि घटना के समय नाबालिग रही किशोरी को 20 वर्षीय युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उससे विवाह कर लिया था। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पांचपावली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अगस्त 2025 में अगवा कर ले गया था आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अब 18 वर्ष की हो चुकी है। हालांकि, अगस्त 2025 में जब आरोपी युवक ने उसे प्रेम संबंधों में फंसाकर अपने साथ ले गया था, तब वह नाबालिग थी। आरोप है कि युवक उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया और बाद में उससे विवाह कर लिया। इसके बाद वह उसे अपने घर में पत्नी के रूप में रखने लगा। आरोपी के परिजनों ने भी उसे बहू के रूप में स्वीकार कर लिया था।
यह भी पढ़े -पूर्व मंत्री अनिल देशमुख ने दागा सवाल - अजित पवार चाहते थे राकांपा का विलय, तब तटकरे पर किसका दबाव था
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सामने आया मामला
इस बीच पीड़िता गर्भवती हो गई। गुरुवार को उसने शहर के एक निजी अस्पताल में नवजात को जन्म दिया। प्रसव के दौरान उसकी उम्र से संबंधित जानकारी सामने आने पर अस्पताल प्रशासन ने नियमानुसार पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
शिकायत दर्ज कराने को तैयार नहीं थी पीड़िता
पुलिस के समक्ष पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी को अपना पति मानती है और उसके खिलाफ स्वेच्छा से शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहती। हालांकि, घटना के समय उसकी नाबालिग उम्र और संबंधित कानूनी प्रावधानों को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज किया। पांचपावली पुलिस आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण की आगे जांच कर रही है।
यह भी पढ़े -हर ग्राम पंचायत में लगेंगे विशेष शिविर, री-केवाईसी से लेकर सरकारी योजनाओं में पंजीयन तक की मिलेगी सुविधा
Created On :  
