सियासी निशाना: पूर्व मंत्री अनिल देशमुख ने दागा सवाल - अजित पवार चाहते थे राकांपा का विलय, तब तटकरे पर किसका दबाव था

पूर्व मंत्री अनिल देशमुख ने दागा सवाल - अजित पवार चाहते थे राकांपा का विलय, तब तटकरे पर किसका दबाव था
  • राकांपा शरद पवार गुट के नेता व पूर्व मंत्री अनिल देशमुख ने दागा सवाल
  • अभी विलय की चर्चा नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों में विलय को लेकर राज्य की राजनीति में पुन: चर्चा तेज हो गई है। राकांपा अजित गुट के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा है कि अजित पवार रहते तो दोनों गुट में विलय हो जाता। तटकरे की प्रतिक्रिया पर राकांपा शरद पवार गुट के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री अनिल देशमुख ने सवाल दागा है। उन्होंने कहा है-अजित पवार राकांपा का विलय चाहते थे। उन्होंने इस संबंध में चर्चा भी की थी। लेकिन उस समय सुनील तटकरे कह रहे थे कि राकांपा के विलय की कोई चर्चा ही नहीं हुई। अब तटकरे से पूछा जाना चाहिए के उस दौरान उनपर क्या और किसका दबाव था। शुक्रवार को देशमुख ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने खुलासा किया कि अजित पवार के रहते दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों को एक करने के लिए कई दौर की बातचीत हुई थी।

इस सिलसिले में एक अहम बैठक राकांपा शरद पवार गुट के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील के घर पर हुई थी। दोनों गुट में विलय के बाद प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसे मिलेगी और अन्य नेताओं को कौन-कौन से पद दिए जाएंगे, इस पर भी बैठक में चर्चा हुई थी। इसके बाद बारामती में भी एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें अजित पवार सहित दोनों गुटों के प्रमुख नेता शामिल हुए थे। इन बैठकों में संगठनात्मक ढांचे और जिम्मेदारियों को लेकर विचार-विमर्श हुआ था। ऐसे में यह कहना सही नहीं है कि विलय पर कोई बातचीत ही नहीं हुई। देशमुख ने कहा कि उस समय तटकरे विलय की चर्चा से इनकार करते थे, लेकिन अब उनकी भूमिका बदल गई है। इसके पीछे क्या वजह है, इसका जवाब उन्हें देना चाहिए।

अभी विलय की चर्चा नहीं

देशमुख ने कहा कि फिलहाल दोनों गुट के विलय की कहीं कोई चर्चा नहीं हुई है। 15 दिन पहले शरद पवार ने अपने गुट को और अधिक मजबूत व विस्तारित करने का निर्देश दिया था। शरद पवार से प्रफुल पटेल की मुलाकात स्वास्थ्य का हालचाल जानने से संबंधित हो सकती है। शरद पवार के नेतृत्व में राकांपा में दूसरे गुट के नेता शामिल होंगे तो उनका स्वागत ही किया जाएगा।

Created On :  

Next Story