वारदात: कलमना की अनाज दुकान में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर, पुलिस थाने में शिकायत दर्ज

कलमना की अनाज दुकान में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर, पुलिस थाने में शिकायत दर्ज
  • काउंटर से 33,733 की चोरी; कलमना पुलिस थाने में शिकायत दर्ज
  • मार्केट के प्रवेश द्वार पर रहता है पहरा, फिर भी चोरी
  • देर रात 2:18 बजे शटर उठाकर घुसे दो लड़के

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र कृषि उत्पन्न बाजार समिति (एपीएमसी) कलमना मार्केट में चोरी की एक वारदात सामने आई है। अनाज बाजार स्थित प्रतीक ट्रेडिंग कंपनी का पिछला शटर तोड़कर घुसे दो चोरों ने गल्ले (कैश काउंटर) से 33,733 रुपए नकद पार कर दिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के तुरंत बाद पीड़ित व्यापारी ने कलमना पुलिस स्टेशन पहुंचकर ड्यूटी ऑफिसर को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने और चोरी गई नकदी बरामद करने की मांग की गई है। कलमना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सूर्यनगर, नागपुर निवासी व्यापारी रमेश पांडुरंग उमाठे (58) की कलमना मार्केट में गाला नंबर 12, दुकान नंबर 07 में -"प्रतीक ट्रेडिंग कंपनी' के नाम से अनाज बिक्री की फर्म है। रोज की तरह गुरुवार 5 नवंबर को जब वे सुबह 10:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ला (ड्रॉवर) खुला हुआ था। जब उन्होंने कैश काउंटर की जांच की, तो उसमें रखे व्यापार के 33,733 रुपए गायब थे।

देर रात 2:18 बजे शटर उठाकर घुसे दो लड़के

दुकान में चोरी की आशंका होते ही जब संचालक ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, तो उसमें देर रात करीब 2:18 बजे दो अज्ञात लड़के दुकान के पीछे का शटर उचकाकर अंदर घुसते हुए साफ दिखाई दिए। चोरों ने अंदर घुसकर सीधे कैश काउंटर को निशाना बनाया और नकदी लेकर फरार हो गए।

मार्केट के प्रवेश द्वार पर रहता है पहरा, फिर भी चोरी

कलमना मार्केट में चाेरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार यहां चोरी की वारदातें हो चुकी है। जबकि मार्केट के प्रवेश द्वार पर चौबिस घंटे तक सुरक्षा रक्षक तैनात रहते हैं। प्रवेश और निकासी मार्ग पर सीसीटीवी फुटेज भी लगाए गए है।

Created On :  

Tags

Next Story